महासमुन्द

गरीब महिलाओं को नि:शुल्क रोजगार मूलक सामग्रियों का वितरण
06-Jan-2023 3:17 PM
गरीब महिलाओं को नि:शुल्क रोजगार मूलक सामग्रियों का वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जनवरी।
बंधन कोन्नगर स्वयं सेवी संस्था और बजाज एलियांज के सौजन्य से अति गरीब, असहाय व बेसाहारा 35 महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने नि:शुल्क रोजगार सामग्री वितरण नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने किया। रमनटोला स्थित बंधन स्वयं सेवी संस्थान और बजाज एलियांज द्वारा कल गुरूवार को ग्रामीण व शहरी अति गरीब महिलाओं को नि:शुल्क रोजगार मूलक सामग्रियों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग थीं। इस मौके पर नपाध्यक्ष महिलांग ने महिलाओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि जहां अधिक भीड़ होती है वहां उद्देश्य की पूर्ति कभी नहीं होती है, लेकिन जहां कम भीड़ हो पर उद्देश्य बड़े होने चाहिए। उन्होंने बंधन स्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा अति गरीब महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार स्थापित कर के दिया जाए तो निश्चित ही इसका सार्थक परिणाम एक दिन देखने को मिलेगा। ऐसे महिलाओं का जीवन संवारना कोई छोटी बात नहीं बल्कि बहुत बड़ा काम है।

इस दौरान नपाध्यक्ष ने महिलाओं को सिलाई मशीन, हाथ ठेला, फैंसी आयटम, किराना दुकान के लिए राशन, तराजू बांट आदि सामग्री का वितरण किया। मालूम हो कि इन संस्थानों द्वारा वर्ष 2006 से लेकर अब तक सैंकड़ों अति गरीब महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए नि:शुल्क रोजगार स्थापित करने में सामग्री उपलब्ध कराई गई है।  इस अवसर पर पार्षद मंगेश टांकसाले, दुर्गा राव, लता कैलाश चंद्राकर, दीपेश राय सरकार, मो.जैनुद्दीन, बंधन बैंक एम डी चंद्रशेखर घोष, शाखा मेनेजर पिंटू कुमार यादव, अजीत पाल, तुकेश सिन्हा, रोहित कुमार पटेल उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट