महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 मार्च। सांसद चुन्नी लाल साहू ने एक प्रेसवार्ता में कल कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का यह अंतिम बजट था। सासंद चुन्नी लाल साहू ने भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप चन्द्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रजीत गोल्डी, पवन साहू की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ के बजट पर पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए कहा कि चलाचली की बेला में भूपेश सरकार ने जो बजट पेश किया है उससे लगता है कि उसने अपना भरोसा खो दिया है। बजट को भरोसे का कहकर राज्य सरकार द्वारा विज्ञापन जारी करना हास्यास्पद है। बजट में आधारभूत संरचना, विकास का अभाव है।
सांसद ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने 200 फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं रखा है। नशा रोकने के लिए बजट में कोई व्यवस्था नहीं है। रायपुर अटल नगर से दुर्ग तक लाइट मेट्रो सेवा शुरू करने की घोषणा की है, लेकिन उसका कोई ब्लूप्रिंट प्रस्तुत नहीं किया गया है। दिशाहीन बजटमें शराब बंदी, नशा रोकने, राज्य के कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए कोई प्रावधान नहीं किया है। प्राचार्य विहीन महाविद्यालय की स्थापना औचित्यहीन है। शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान ही नहीं दिया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वावलंबी गौठानों की संचालन समिति को देय मानदेय की राशि एक राजनीतिक लूट का हिस्सा है। शासकीय कोष का उपयोग सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं के रूप में दिलाने की घोषणा शासकीय धन का राजनीतिक लूट है। कर्मचारियों के दो साल का बकाया बोनस, 18 लाख रजिस्टर्ड बेरोजागी भत्ता, स्वसहायता समूहों के कर्ज माफी, प्रवेश कर, 2 लाख मकान का प्रावधान, संविदा शिक्षाकर्मियों की समस्या का निराकरण नहीं किया गया है। रायपुर-दुर्ग मेट्रो तो थोथी घोषणा है।