महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 जुलाई। अवैध रूप से गांजा का परिवहन करने के चार अलग-अलग मामलों में सरायपाली के न्यायालय में 6 आरोपियों को दण्डित किया गया है।
विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस पवन कुमार अग्रवाल के न्यायालय में थाना सिंघोड़ा में दर्ज अपराध के आरोपी सुमित सेन को विगत दिनों 60 किलो ग्राम गांजा परिवहन के आरोप में दोषी पाते हुए 15 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 2 लाख रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है। अर्थदण्ड अदा न करने पर 2 वर्ष के अतिरिक्त कारावास की सजा दी गई।
उक्त मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी चन्द्रकांत साहू के द्वारा की गई थी। इसी प्रकार एक अन्य मामले में विशेष न्यायाधीश पंकज आलोक तिर्की के न्यायालय में थाना बसना के अपराध क्रमांक 590-2021 में दिनांक 03 नवंबर 2021 को 2 किलो गांजा बिक्री हेतु अपने पास रखने के आरोप में आरोपी नारायण दास वैष्णव को दोषी पाते हुए उसके द्वारा पूर्व में कारावास में व्यतीत किये गये अवधि तथा 2000 रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
उक्त मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक विजय कुमार मिश्रा के द्वारा की गई थी। वहीं कल 30 जून को वंदना दीपक देवागंन प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस के न्यायालय में थाना सिंघोड़ा के अपराध क्रमांक 60-2023 में दिनांक 29 जून 2023 को आरोपी गणेश मजूमदार एवं सह आरोपी लक्ष्मी दुलाई दोनों निवासी पश्चिम बंगाल को अपने जायलो कार में 2 क्विंटल गांजा परिवहन के आरोप में दोषी पाते हुए आजीवन कारावास तथा दो-दो लाख रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है। मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी केशवराम कोशले के द्वारा किया गया था।
जबकि एक अन्य मामले में पवन कुमार अग्रवाल तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस ने थाना सिंघोड़ा के ही अपराध क्रमांक 24-2021 में 6 अप्रैल 2021 को आरोपी अशोकर कुमार मीना एवं रमेश गुर्जर राजस्थान निवासी से 24 किलो ग्राम गांजा अवैध रूप से अपने पास रखने के आरोप में दोषसिध्द पाते हुए उन्हें 15-15 वर्ष के सश्रम कारावास तथा एक-एक लाख रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया है। उक्त मामले की विवेचना थाना सिंघोड़ा के सहायक उपनिरीक्षक सनातन बेहरा के द्वारा की गई थी। उक्त सभी मामलों में विशेष लोक अभियोजक देवेन्द्र शर्मा के द्वारा पैरवी की गई।