महासमुन्द
महासमुंद,1जुलाई। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक सहकारी सप्ताह आयोजन के क्रम में मंगलवार को कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला सहकारी विकास समिति विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों को सहकारी सप्ताह के दौरान निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सहकारी समितियों के सदस्यों की आय वृद्धि में किसान उत्पादक संगठन एफ पीओ एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों पैक्स की भूमिका विषय पर विस्तृत परिचर्चा की गई। इस दौरान किसानों को संगठित कर उनकी उपज के बेहतर विपणन, कृषि आदानों की उपलब्धता, भंडारण सुविधाओं के विस्तार तथा कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने में एफपीओ एवं पैक्स की भूमिका को बताया गया। बैठक में सहकारिता के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने, कृषि लागत कम करने तथा बाजार से बेहतर मूल्य प्राप्त करने के लिए विभिन्न उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।