महासमुन्द

वनों के प्रबंधन व संरक्षण का मुख्य दायित्व वनरक्षकों पर-आलोक तिवारी
02-Jul-2026 5:54 PM
वनों के प्रबंधन व संरक्षण का मुख्य दायित्व वनरक्षकों पर-आलोक तिवारी

वन विद्यालय महासमुन्द में दीक्षांत समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 जुलाई। बुधवार को वनरक्षक प्रशिक्षण शाला महासमुन्द में वन विभाग के वनरक्षकों के प्रशिक्षण कोर्स के 80 वां प्रशिक्षण सत्र छ:माही पूरा होने पर दीक्षांत सामारोह का आयोजन किया गया।

जिसमें मुख्य अतिथि आलोक कुमार तिवारी मुख्य वन संरक्षक (मासविसूप्रौ) अटल नगर नवा रायपुर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मणिवासगन एस. मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त रायपुर थे। अतिथियों को प्रशिक्षुओं ने परेड कर सलामी दी। पश्चात मुख्य अतिथि ने गरुड़-रूद्राक्ष पौधों का रोपण किया।

दीक्षांत सामारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। संचालक वन विद्यालय महासमुन्द एवं वनमंडलाधिकारी महासमुन्द मयंक पाण्डेय, भावसे अनुदेशक वन विद्यालय निखिल पैंकरा, उपवनमंडलाधिकारी गोविंद सिंह तथा उप प्रबंध संचालक जिला युनियन महासमुन्द ए् आर बंजारे ने अतिथियों का स्वागत किया गया। पश्चात संचालक ने प्रशिक्षण सत्र प्रतिवेदन का पाठन किया।

उद्बोधन की कड़ी में मुख्य अतिथि आलोक कुमार तिवारी ने कहा कि वनरक्षकों के ऊपर वनों के प्रबंधन एवं संरक्षण का मुख्य दायित्व होता हैं। वनरक्षक ही कार्य स्थल पर रहकर कार्यों का सम्पादन कराते हैं। इसलिए प्रत्येक वनरक्षक को अपने कार्यक्षेत्र में जो भी वानिकी कार्य स्वीकृत होता है, उसमें वनों को उत्पादक बनाने के लिए स्थानीय परिवेश के अनुरूप 1-2 हेक्टेयर में बेहत्तर कार्य कराने का प्रयास करना चाहिए।

मणिवासगन ने प्रशिक्षण के बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की। कहा कि वनरक्षक वन विभाग का आधार स्तंभ है। वन विद्यालय में प्राप्त प्रशिक्षण के अतिरिक्त फॉरेस्ट मेनुअल एवं अपने वनमंडल के कार्य आयोजना तथा वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा निर्देशों का सतत अध्ययन कर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वनों का प्रबंधन एवं संरक्षण इस प्रकार से करने का प्रयास करना है कि हमारे वन हमेशा उत्पादक बना रहे। वनों के प्रबंधन में वन प्रबंधन समितियों का पूरा सहयोग लेना नियमित रूप से प्रतिमाह समिति का बैठक लेना अतिआवश्यक है।

अनुदेशक वन विद्यालय महासमुन्द द्वारा 80 वें प्रशिक्षण सत्र के परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई। तत्पश्चात मुख्य अतिथियों के द्वारा प्रशिक्षण प्रमाण.पत्र एवं विभिन्न वानिकी विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मेडल तथा खेल.कूद में विजेता प्रशिक्षुओं को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण के सम्पूर्ण विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले हिमांशु सिन्हा को ऑल ओवर टॉपर का ट्राफी प्रदान किया गया।

दीक्षांत समारोह के अवसर पर सहायक अनुदेशक, वन विद्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, उप वनमंण्डलाधिकारी महासमुन्द, उप प्रबंध संचालक महासमुन्द, वन परिक्षेत्र अधिकारी महासमुन्द एवं वनमंडल कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पवन चन्द्राकर प्रबंधक द्वारा किया गया। अभार प्रदर्शन एवं कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा अनुदेशक वन विद्यालय महासमुन्द द्वारा किया गया।


अन्य पोस्ट