महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 जुलाई। कहते हैं कि कुछ रिश्ते वक्त के साथ पुराने नहीं होते, बल्कि और भी गहरे हो जाते हैं। ऐसी ही दोस्ती और यादों का खूबसूरत संगम 28 जून को देखने को मिला जब बीएससी 1994 बैच महासमुंद के कॉलेज साथियों ने 32 साल बाद एक बार फिर मिलकर रियूनियन समारोह मनाया।
कभी कॉलेज की गलियों में सपनों के साथ कदम रखने वाले ये दोस्त आज जीवन के अलग-अलग मुकाम पर पहुंच चुके हैं, लेकिन दिलों में वही अपनापन और दोस्ती की मिठास आज भी कायम है। वर्षों बाद जब सभी साथी मिले तो लगा जैसे कुछ भी नहीं बदला है। सभी साथियों ने अपने पुराने कॉलेज भवन लोहानी बिल्डिंग का भ्रमण किया।
लोहानी बिल्डिंग की कक्षाएं, गलियां और वही परिसर आज भी उनका इंतजार कर रही थीं। कमरे की कुर्सियों में, दीवारों पर, ब्लैकबोर्ड में, कोने-कोने में 32 साल पुरानी यादें थीं। कभी न भूलने वाले प्राध्यापकों की सीख थीं। सीढिय़ों पर पैरों के अदृश्य निशान थे। सभी के दिलों में आज भी इनकी गहरी पैठ है। बाद मं सभी ने कॉलेज भवन के सामने ग्रुप फोटो लिया और इस क्षण को कैमरे में कैद किया। दोपहर के भोजन के बाद गीत, कविता, डांस और विभिन्न ग्रुप खेलों के जरिए सभी ने एक दूसरे के साथ वक्त साझा किया। वर्षों बाद मिलने वाले ये दोस्त अपनी कॉलेज जीवन की ऊर्जा को महसूस करते हुए सांझ ढलते एक दूसरे से विदा हुए...दुबारा यहीं मिलने की उम्मीदें लेकर।