‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जुलाई। देश के युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़, परीक्षाओं में धांधली, और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन के विरोध में कल महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक विशाल और उग्र आंदोलन किया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और सजग नागरिकों ने नेहरू चौक पर एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
आंदोलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, देश के जिन युवाओं ने प्रधानमंत्री पर अटूट विश्वास किया था, जिन्हें अपना रोल मॉडल माना था, आज उन्हीं युवाओं और छात्रों के साथ इस सरकार ने छल और विश्वासघात किया है। देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार ने युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया है।
विधायक यादव ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि हक की लड़ाई लड़ रहे छात्र-छात्राओं को बर्बरतापूर्ण तरीके से मारा-पीटा जा रहा है। विडंबना यह है कि पीडि़त छात्रों को ही हिंसक बताकर भाजपा एक झूठा नैरेटिव गढऩे का प्रयास कर रही है, जिसे देश का युवा और कांग्रेस पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसी छात्र विरोधी सरकार को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बर्बरतापूर्ण तरीके से हिरासत में लिए जाने की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संसद से लेकर सडक़ तक युवाओं की आवाज उठाने वाले नेता को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने साफ किया कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिल जाता, यह लड़ाई थमेगी नहीं।
कार्यक्रम के दौरान नेहरू चौक पर भारी संख्या में पहुंचे युवा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के बीच युवाओं की फौज ने केंद्र सरकार के खिलाफ हुंकार भरते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान युवाओं से विश्वासघात बंद करो, धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो जैसे नारे गूंजते रहे।
इस प्रदर्शन में सरायपाली विधायक चातुरी नंद, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, जिला प्रभारी महामंत्री लक्ष्मण पटेल, शहर महामंत्री निर्मल जैन, अन्नू चन्द्राकर, खिलावन साहू, लखबीर छाबड़ा, करण सिंह दिवान, संजय शर्मा, दाऊलाल चंद्राकर, निखिलकांत साहू, ताम्रध्वज बघेल, देवेश साहू, विजय बंजारे, भरत ठाकुर, सोमेश दवे, समीम खान, मिन्दर चावला, अमन चंद्राकर, अमर चंद्राकर, विक्की मुस्ताक खान, सूरज नायक, तरूण साहू, तुलसी साहू, देवेश शर्मा, प्रदीप चंद्राकर, गोपी तारक, राजू यादव, राहुल लालवानी, गौरव चंद्राकर, रिंकू चंद्राकर, कुणाल चन्द्राकर, शहबाज राजवानी, शकील खान, डॉ ऐजाज नकवी, हार्दिक सोना, सचिन गायकवाड़, गोविंद साहू, हीरा बंजारे, कपिल साहू, आवेज खान, मनोहर ठाकुर, राजेश डड़सेना, जयश्री दास, लक्ष्मी सोनी, राजू साहू, बसंत चंद्राकर, प्रकाश अजमानी, राजेश नेताम, अनुराग चंद्राकर, अनीश राजवानी, आकाश निषाद, लोकेश चंदन साहू, खेमराज ध्रुव, हितेश साहू, लहरी ठाकुर, जुगल किशोर शर्मा, दिनेश दुबे, किशन देवांगन, विजय बांधे, युवराज साहू, भानु सोनी सहित बड़ी संख्या लोग उपस्थित थे।