महासमुन्द
पूर्व पार्षद ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, बोर्ड पर भूमि स्वामी, खसरा और रकबा दर्ज करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 25 जुलाई । शहर में अवैध प्लाटिंग और शासकीय भूमि की कथित खरीद-बिक्री के खिलाफ चल रही कार्रवाई अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। नगर पालिका द्वारा अवैध कॉलोनाइजर एक्ट के तहत चिन्हित भूमि पर चेतावनी बोर्ड लगाने के बाद पूर्व पार्षद लोकेश्वर चंद्राकर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी गिरीश चंद्रा को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि इन बोर्डों पर संबंधित भूमि स्वामी का नाम, खसरा नंबर, रकबा और वार्ड क्रमांक भी स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए, ताकि अवैध प्लाटिंग करने वालों की पहचान सार्वजनिक हो सके और आम नागरिक किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार न हों।
लोकेश्वर चंद्राकर ने बताया कि उन्होंने सुशासन त्योहार के दौरान बागबाहरा शहर में बड़े पैमाने पर हो रही अवैध प्लाटिंग और शासकीय भूमि की बिक्री की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद नगर पालिका प्रशासन ने वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक चिन्हित स्थानों पर अवैध कॉलोनाइजर एक्ट के तहत बोर्ड लगाकर संबंधित भूमि को खरीदी-बिक्री के लिए अयोग्य घोषित किया है। यह कार्रवाई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन की बड़ी पहल मानी जा रही है।
हालांकि उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगाए गए बोर्ड अधूरे हैं। इनमें यह उल्लेख नहीं है कि प्रतिबंधित भूमि किसकी है, उसका खसरा नंबर क्या है, रकबा कितना है और वह किस वार्ड में स्थित है। ऐसे में आम लोगों को वास्तविक जानकारी नहीं मिल पाती और विवादित जमीन की खरीद-बिक्री की आशंका बनी रहती है। ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि नगर पालिका सभी चिन्हित स्थलों पर नए सूचना बोर्ड लगाए, जिनमें भूमि का पूरा विवरण दर्ज हो। इससे जहां पारदर्शिता बढ़ेगी, वहीं भूमाफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों की पहचान भी सार्वजनिक होगी तथा लोगों को निवेश या जमीन खरीदने से पहले सही जानकारी मिल सकेगी। पूर्व पार्षद ने यह भी मांग की कि जिन लोगों ने बिना अनुमति के कॉलोनियां विकसित की हैं या शासकीय भूमि की प्लाटिंग कर बिक्री की है, उनके विरुद्ध अवैध कॉलोनाइजर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
उनका कहना है कि केवल चेतावनी बोर्ड लगाने से अवैध प्लाटिंग पर रोक नहीं लगेगी, बल्कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होने पर ही इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।