महासमुन्द
कृषि उपज मंडी में अस्थायी शेड के लिए पत्राचार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 जुलाई। सडक़ पर घूमते आवारा गौवंश से हो रही दुर्घटनाओं और नागरिकों की असुविधा को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने संवेदनशीलता के साथ कदम उठाया है। नगर में मानवीय तरीके से गौसंरक्षण और सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए कल दिनांक 23 जुलाई को नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई। जिसमें नगर के जनप्रतिनिधियों, गौवंश पशु प्रेमी संस्थाओं, गौसेवकों, सामाजिक संगठनों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और समस्या के स्थायी समाधान पर गहन मंथन किया।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे पहले यह तय हुआ कि नगर में चलाए जाने वाले विशेष अभियान के तहत पकड़े जाने वाले गौवंश को अस्थायी रूप से तीन माह तक कृषि उपज मंडी परिसर स्थित शेड में रखा जाएगा। इसके लिए जिला कलेक्टर से अनुमति और आवश्यक पत्राचार नगर पालिका द्वारा किया जाएगा।
इस दौरान गौवंश के भरण-पोषण को लेकर भी ठोस योजना बनी। नगर पालिका डोर.टू.डोर चारा संग्रह अभियान चलाएगी। इसके साथ ही समस्त नगरवासियों, किसानों, सामाजिक संस्थाओं एवं गौसेवकों से पैरा, भंूसा एवं अन्य पशु आहार दान करने की अपील की गई है। साथ ही सब्जी मंडी से प्रतिदिन निकलने वाले उपयोगी सब्जी अपशिष्ट को एकत्रित कर गौवंश के चारे के रूप में उपयोग किया जाएगा। इससे एक ओर शहर की सफाई में मदद मिलेगीए वहीं दूसरी ओर पशुओं को पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सकेगा। गौवंश की पहचान और प्रभावी निगरानी के लिए पकड़े जाने वाले आवारा मवेशियों के कानों में विशिष्ट रंग के टैग लगाए जाएंगे। भविष्य में नगर क्षेत्र के सभी पालतू मवेशियों की टैगिंग सुनिश्चित करने के लिए पशुपालन विभाग के सहयोग से विशेष अभियान भी संचालित किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित गौवंश पशु प्रेमी संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों ने नगर पालिका के इस अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। नगर पालिका परिषद ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें तथा इस जनहित एवं गौसंरक्षण अभियान में चारा, पैरा एवं अन्य सामग्री का दान कर सहभागी बनें। अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, गौसेवकों एवं नागरिकों के संयुक्त प्रयास से आवारा गौवंश की समस्या का प्रभावी एवं मानवीय समाधान निकलेगा।
बैठक में पशु चिकित्सा सेवाओं की उप संचालक अंजना नायडू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा, डॉ खुशबू चन्द्रकार, डॉ आर जी यादव, गौसेवक रितेश कुमार गोलछा, बद्रीनारायण महेश्वरी, सीता राम सोनी, आचार्य सुरेश कुमार,संजय भोई, प्रभारी सदस्य जय कुमार देवांगन, गुलशन कुमार साहू, जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, ज्योति रिंकू चन्द्रकार, पार्षद राहुल आवड़े, सीता टोडेकर, मुस्ताक खान विक्की, कल्पना सूर्यवंशी, हरबंश सिंह ढिल्लों, धनेश विक्की चन्द्रकार, नीरज चन्द्रकार, चन्द्रशेखर बेलदार, भाऊ राम साहू, पीयूष अमृत साहू,धनेश्वरी सोनाधर सोनवानी, सांसद प्रतिनिधि महेन्द्र जैन, विधायक प्रतिनिधि हफीज कुरैशी, एल्डरमेन मधु यादव, लाल विजय प्रताप सिंह, सहित नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।