महासमुन्द

तालाब में जहर डालने से हजारों मछलियों की मौत
24-Jul-2026 3:25 PM
 तालाब में जहर डालने से हजारों मछलियों की मौत

डेढ़ माह बाद मुख्य आरोपी ने किया समर्पण

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 जुलाई। महासमुंद जिले के केसरीपुर गांव में निजी तालाब में जहर डालकर हजारों मछलियों की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहा मुख्य आरोपी वीरेन नायक ने आखिरकार बांकरा थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत नवागांव के आश्रित ग्राम केसरीपुर में करीब डेढ़ माह पहले एक निजी तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिए जाने से हजारों मछलियां और अन्य जलीय जीव मर गए थे। घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। तालाब संचालकों और ग्रामीणों ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। घटना की सूचना पर सांकरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में तालाब में किसी जहरीले पदार्थ के उपयोग की आशंका सामने आई थी। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ  प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर ग्राम केसरीपुर निवासी वीरेन नायक का नाम सामने आया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। जिससे उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। करीब डेढ़ माह तक फरार रहने के बाद बुधवार को उसने स्वयं सांकरा थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि तालाब में जहर डालने की घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं। साथ ही घटना के पीछे की वजह और इस्तेमाल किए गए रसायन के संबंध में भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। तालाब में जहरीला पदार्थ डाले जाने से केवल मछलियों की मौत नहीं हुई, बल्कि जलाशय का प्राकृतिक संतुलन भी प्रभावित हुआ। बड़ी संख्या में जलीय जीव नष्ट होने से स्थानीय पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है। वहीं मछली पालन से जुड़े परिवारों को आर्थिक झटका लगा है। घटना के बाद मत्स्य विभाग और संबंधित अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण कर स्थिति का आंकलन किया था।


अन्य पोस्ट