नदी-नाले उफान पर, पुल-पुलियों पर पानी से रास्ते घंटों बंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जुलाई। महासमुंद जिले के सरायपाली, बसना ब्लॉक में घंटों मूसलाधार वर्षा, लगातार भारी बारिश ने जनजीवन को झकझोर दिया है। शनिवार रात और रविवार को दिन में घंटों मूसलाधार बारिश के बाद सरायपाली और बसना अंचल में नदी-नाले उफान पर रहे। पुल-पुलियों पर बाढ़ का पानी बहने से कई गांवों का सम्पर्क ब्लॉक मुख्यालय से कटा रहा।
सरायपाली में शनिवार शाम को सुरंगी नाले में बाइक के साथ बह गए एक 15 वर्षीय रितेश दीप पिता सुरेन्द्र ग्राम भूतिया निवासी को बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाल लिया। जबकि, महासमुंद, बागबाहरा व पिथौरा ब्लॉक में कल ज्यादा बारिश नहीं हुई। जबकि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात सरायपाली व बसना ब्लॉक में लगातार घंटों मूसलाधार बारिश हुई।
सरायपाली क्षेत्र में तो कल दिन में 3 बजे तक लगातार बारिश जारी रही। लगातार वर्षा ने दोनों ब्लॉकों में जनजीवन झकझोर कर रख दिया। नदी-नाले उफान पर थे। खेत और तालाब लबालब भर गए। उफनते नालों और तालाबों का पानी सडक़ और
कच्चे रास्तों पर आ जाने से लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुल-पुलियों पर बाढ़ का पानी बहने से अनेक रास्तों पर आवागमन सुबह से मध्यान्ह तक अवरूद्ध रहा। बारिश थमने के बाद लोग बाढ़ का नजारा देखने नदी नालों और पुल-पुलियों के समीप पहुंचे।
सरायपाली ब्लॅक के ग्रामीण क्षेत्र में बारिश से हालात खराब रहे। शहर में भी निचली बस्तियों में पानी घरों में घुसा। पदमपुर मार्ग पर एनएच-6 पर बने ओव्हरब्रिज के नीचे सरायपाली बस्ती में प्रवेश मार्ग पर 2 से ढाई फीट पानी घंटों बहता रहा। इस दौरान यातायात घंटों थमा रहा। ऊपर से एनएच पर यातायात निर्बाध गति से जारी रहा। सुरंगी नाले के उफान पर होने से बाढ़ का पानी सडक़ पर पहुंचा।
इसी तरह अमरकोट-बानीपाली पुल पर से भी बाढ़ का पानी चढऩे से वहां आवागमन घंटों बाधित रहा। तोरेसिंहा से पहले सुरंगीनाले पर बने पुल पर लोग बाढ़ का पानी देखने पहुंचे थे। बसना ब्लॉक में तडक़े 5 बजे से सुबह 9 बजे तक मूसलाधार बारिश होती रही।
इस बीच ग्राम भूतिया निवासी एक किशोर रितेश दीप बाइक से नाला पार करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन बीच में बाइक समेत वह नाले में गिरकर बहने लगा। आसपास खड़े लोगों ने देखकर मदद के लिए आवाजें लगाई। तब तक रितेश पानी के साथ बहने लगा। बहते-बहते उसने एक पेड़ को पकड़ लिया। तत्काल लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर तहसीलदार, टीआई नीतेश सिंह ठाकुर बल के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ रेस्क्यू कर रितेश को बाढ़ के पानी से सुरक्षित निकाला।
वहीं पिथौरा अंचल में शनिवार देर रात से रविवार सुबह 9 तक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त कर दिया। शनिवार रात 2 बजे शुरू हुई बारिश सुबह 6 से 9 बजे के बीच बादल फटने जैसी स्थिति में बदल गई। तीन घंटे की तेज वर्षा से खेत लबालब भर गए, मेड़ टूटने लगी और पानी तेज बहाव के साथ नदी-नालों में उतर गया। परिणामस्वरूप बसना, पिथौरा क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक पुल, पुलियों और रपटों के ऊपर पानी बहने लगा तथा कई मार्गों पर घंटों यातायात प्रभावित रहा।
सरायपाली इलाके में शनिवार रात से रविवार सुबह देर तक लगभग 6-7 घण्टों की मूसलाधार बारिश ने पूरे अंचल का जन-जीवन अस्त व्यस्त कर दिया। क्षेत्र के नदी, नाले, तालाब सभी लबालब भर गए। इसके अलावा सरायपाली अंचल के अधिकांश जलाशयों में भी पूर्ण जल भराव हो गया। इस बारिश के बाद कई नदी-नालों में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण कई गांवों का एक-दूसरे से तथा शहर से भी संपर्क टूट गया। यहां भी रात लगभग 2 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश सुबह करीब 8.30-9.00 बजे तक होती रही, जिससे पूरा अंचल तर-बतर हो गया। बारिश धमने के बाद खेत, नदी, नहर, तालाब चारों ओर सिर्फ पानी ही पानी दिखाई दे रहा था। दूर से देखने पर तालाब और खेत सभी समान दिखाई पड़ रहे थे, जिससे यह समझ पाना भी मुश्किल था खेत कौन सा है और आम रास्ता।
पदमपुर रोड पर ओवर ब्रिज के नीचे पानी जाम हो गया। पानी निकासी नहीं हो पाने के कारण वहां किसी तालाब की तरह का नजारा बन गया। के ऊपर भी खड़े रहे और आने-जाने वालों को सतर्क करते दिखे। मनकी तोषगांव पहुंच मार्ग पर सुरंगी नाला में भी दोपहर 3 बजे तक पुल से 7 फीट ऊपर पानी बह रहा था, जिससे दोनों ओर के राहगीर और ग्रामीण फंसे रहे। केन्दुमुड़ी से मुंधा के बीच नाले में पुल के ऊपर पानी बहने से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। इसके अलावा बालसी, बगईजोर, पाटसेन्द्री, अमरकोट, बोड़ेसरा, कुसमीसरार आदि कई स्थानों पर पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण यातायात अवरूद्ध रहा।
वहीं गनियारीपाली से आगे सिंगबहाल उलट का बहाव तेज होने के कारण चारभांठा सारंगढ़ मार्ग भी बंद हो गया है। क्षेत्र के कई जलाशय जैसे सिंगबहाल, घोरघाटी, कालीदरहा, पुटका, घुराऊ, राजाडीह, सिंघोड़ा आदि में पूर्ण जल भराव हो गया।
इस बारिश के बीच अत्यधिक बिजली भी कडक़ती रही, जिससे कई स्थानों पर विद्युत उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा है। आगामी दो-तीन दिन ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।