महासमुन्द

शिविर में 88 दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरित
24-Jul-2026 3:41 PM
शिविर में 88 दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 जुलाई। जिले के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सुगम जीवन उपलब्ध कराने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से कल डा. भीमराव अंबेडकर मांगलिक भवन बागबाहरा रोड महासमुंद में नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विकासखंड महासमुंद एवं बागबाहरा के चिन्हांकित दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।

 यह कार्यक्रम एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में संचालित कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व सीएसआर योजना के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम एलिम्को जबलपुर के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत महासमुंद की अध्यक्ष दिशा दीवान एवं उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान कर उनके बेहतर जीवन एवं आत्मनिर्भरता की कामना की।

 इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद मौजूद थे।

शिविर में विकासखंड महासमुंद के 67 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ट्राइसाइकिल, वॉकिंग स्टिक, सुगम्य केन तथा टीएलएम किट सहित विभिन्न सहायक उपकरण नि:शुल्क वितरित किए गए। वहीं विकासखंड बागबाहरा के 21 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ट्राइसाइकिल, वॉकिंग स्टिक, स्मार्टफोन एवं टीएलएम किट प्रदान किए गए।

इस प्रकार कुल 88 दिव्यांगजनों को 135 सहायक उपकरणों का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, जनपद पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एलिम्को जबलपुर के प्रबंधक बंशीलाल साकेत, कनिष्ठ प्रबंधक धर्मेंद्र यादव, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के रीजनल मैनेजर राजेश बाघमारे, प्रशासनिक प्रबंधक विनीत भाटी सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी.कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट