महासमुन्द

इंजीनियर को फावड़ा लेकर दौड़ाया
24-Jul-2026 3:27 PM
इंजीनियर को फावड़ा लेकर दौड़ाया

सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया- धमकी, मामला दर्ज

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,24जुलाई। जिले के बसना थाना अंतर्गत भंवरपुर चौकी क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शासकीय कर्मचारी को धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 221, 326 एवं 351-2 के तहत कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के वितरण केंद्र पिरदा में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री दुलेश्वर कुमार दीवान ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 18 जुलाई को वे शासकीय कार्य से ग्राम धूपनडीह पहुंचे थे। उनके साथ भंवरपुर उपसंभाग के सहायक यंत्री रोकेश कुमार बारिक तथा विभागीय कर्मचारी गणपत सिदार और दिनेश यादव भी मौजूद थे। टीम उपभोक्ता के विद्युत मीटर का परीक्षण करने पहुंची थी। शिकायत के अनुसार मीटर जांच के दौरान ग्राम धूपनडीह निवासी जितेंद्र पटेल ने शासकीय कार्य में हस्तक्षेप करते हुए अधिकारियों को जांच करने से रोक दिया। आरोप है कि जितेन्द्र पटेल ने मौके पर फावड़ा उठा लिया और कनिष्ठ यंत्री को डराने-धमकाने लगा। स्थिति बिगड़ती देख अधिकारी स्वयं को बचाने के लिए पीछे हट गए।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने गुस्से में आकर विभाग के शासकीय विद्युत मीटर पर फावड़े से वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उसने अधिकारियों को धमकी देते हुए कहा कि जो करना है कर लो। घटना के दौरान मौजूद कर्मचारियों ने पूरी घटना देखी और कुछ हिस्सों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। कनिष्ठ यंत्री दुलेश्वर कुमार दीवान ने घटना के संबंध में विभागीय अधिकारियों को भी जानकारी दी तथा पुलिस चौकी भंवरपुर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी के कृत्य से न केवल शासकीय कार्य प्रभावित हुआ। बल्कि सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। साथ ही विभागीय कर्मचारियों को भयभीत कर उनके कर्तव्यों के निर्वहन में बाधा पहुंचाई गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया आरोपों को सही पाते हुए आरोपी जितेंद्र पटेल के खिलाफ  अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। चौकी भंवरपुर से प्रकरण को विधिवत दर्ज कर थाना बसना भेजा गयाए जहां संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।  पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार             पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी शासकीय कार्यों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। ताकि मैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को इस प्रकार की परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।


अन्य पोस्ट