महासमुन्द
समय-सीमा बीती, अब खाद्य अफसरों पर कार्रवाई की तलवार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जुलाई। राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी कराने के लिए शासन द्वारा तय की गई 15 जुलाई की अंतिम तिथि बीते एक सप्ताह से अधिक समय गुजर चुका है, लेकिन महासमुंद जिले में बड़ी संख्या में हितग्राहियों की ई-केवाईसी अब भी अधूरी है। जून के अंतिम सप्ताह तक जिले में 72,953 सदस्यों की ई-केवाईसी लंबित थी और शासन ने इसे 15 जुलाई तक शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए थे।
खाद्य विभाग के निर्देशों के अनुसार निर्धारित तिथि तक लंबित सभी हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराना अनिवार्य था। इसके साथ ही 20 जुलाई तक ई-केवाईसी की प्रगति रिपोर्ट तथा शेष मामलों का कारणवार विवरण संचालनालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए थे। आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और खाद्य निरीक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले के 2,822 राशन कार्डों से जुड़े 1 लाख 4 हजार 708 सदस्य लंबित श्रेणी में दर्ज थे। इनमें से बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जिनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो पाई थी, जबकि हजारों मामलों में प्रक्रिया अधूरी रह गई। सबसे अधिक प्रभावित महासमुंद और पिथौरा विकासखंड बताए गए थे, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और पहुंच दोनों बड़ी चुनौती बनी हुई थी। ई-केवाईसी के लिए खाद्य निरीक्षकों, जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों को अभियान में शामिल किया था। गांव-गांव प्रचार-प्रसार, ई-पॉस मशीन से बायोमेट्रिक सत्यापन और फेस ई-केवाईसी के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में हितग्राही समय-सीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं करा सके।