‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 18 मार्च । खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के प्रतिष्ठित ग्राम पंचायत मामा भांचा के नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों ने सोमवार को बागबाहरा स्थित विधायक द्वारिकाधीश यादवके कार्यालय पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत के समग्र विकास के लिए सहयोग और आशीर्वाद मांगा।
ग्राम पंचायत के सरपंच धर्मेंद्र साहू, उपसरपंच कोमल महानंद, एवं पंचगण ढाल सिंह ध्रुव, लखन ध्रुव, हितेश कुमार, पानो भाई चौहान, समीक्षा जैन, दिनेश्वरी गोस्वामी, निरुबाई साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और गणमान्य नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने विधायक से मुलाकात कर ग्राम पंचायत में सडक़, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, कृषि और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर योजनाएं लागू करने और पंचायत की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष फंड उपलब्ध कराने की मांग रखी।
विधायक द्वारिकाधीश यादव ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की सभी आवश्यक मांगों को शासन के समक्ष रखा जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिल सके। साथ ही, उन्होंने होली के पर्व को सद्भाव, भाईचारे और खुशहाली का प्रतीक बताते हुए सभी को मिल-जुलकर इसे मनाने का संदेश दिया।
ग्राम पंचायत के विकास के लिए प्रतिबद्धता
ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच और पंचों ने आश्वासन दिया कि वे ग्राम के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे और जनहित में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष केशव नायक राम चंद्राकर, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान ग्राम पंचायत में आधारभूत संरचना, रोजगार, कृषि विकास और पंचायत के सशक्तिकरण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई।
होली के रंगों संग विकास की नई उम्मीदें
इस अवसर पर विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी ग्रामीणों को होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि होली का यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए और क्षेत्र में विकास की नई राहें खुलें।