महासमुन्द

करंट के झटके से पोल से गिरा युवक, मौत
18-Mar-2025 3:11 PM
करंट के झटके से पोल से गिरा युवक, मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,18 मार्च।
जिले के सरायपाली क्षेत्र में बीते दिनों बिजली फॉल्ट सुधारने के लिए विद्युत पर चढ़े एक निजी बिजली मिस्त्री की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। पोल पर चढ़ा युवक अचानक करंट लगने से जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से चोटिल हो गया। आसपास के लोग तत्काल उसे एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार शहर के राशन दुकान के संचालक के द्वारा बिजली फॉल्ट को सुधारने के लिए निजी बिजली मिस्त्री अनिल कुमार को बुलाया गया था। लगभग 20 फीट ऊंचे पोल पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के वह चढ़ गया और कार्य करने लगा। इस दौरान पोल पर 11 केव्ही की विद्युत लाईन चालू थी। जहां सुधार कार्य करते समय अनिल का संतुलन बिगड़ गया और वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह जमीन पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे देखकर आस पास के लोग तत्काल वहां पर पहुंचे और उसी गंभीर अवस्था में उसे एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लेकर पहुंचे। लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में पुलिस ने भी मर्ग कायम कर लिया है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी। 
इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई ए एस कंवर से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि विद्युत पोल पर सुधार कार्य को लेकर विभाग को सूचना नहीं दी गई थी। युवक पोल पर क्यों चढ़ा था, इसकी हमें कोई जानकारी नहीं है। विभागीय टीम के माध्यम से मामले की जांच की जा रही है। जो भी इसमें दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट