महासमुन्द

किसानों ने बिजली दफ्तर घेरा, भीड़ के तेवर देख अफसर दफ्तर छोडक़र भाग निकले
18-Mar-2025 3:22 PM
किसानों ने बिजली दफ्तर घेरा, भीड़ के तेवर  देख अफसर दफ्तर छोडक़र भाग निकले

तीन दिन से गांव में बिजली नहीं, धान फसल सूूख रही, पीने के लिए भी पानी नहीं, स्कूली बच्चे पढ़ नहीं पा रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 मार्च।
महासमुंद जिले के गांव नांदगांव निवासी 100 से ज्यादा ग्रामीण और किसानों ने कल जिला विद्युत कार्यालय का घेराव कर दिया। भीड़ का तेवर देख अधिकारी कार्यालय छोडक़र भाग निकले। 

मालूम हो कि महासमुंद जिले में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट रहा है। खेतों में खड़ी फसल सूूखने के कगार पर है। पानी के लिए खोदे गये बोर में पानी तो है लेकिन बिजली नहीं होने अथवा लो वाोल्टेज के कारण से बोर चालू नहीं हो रहा है। पीने के पानी तक नसीब नहीं हो रहा है। अत: बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और नांदगांव के करीब 100 किसान और ग्रामीण विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय का घेराव कर दिया। 

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से गांव में बिजली नहीं है। ट्रांसफ ार्मर जल जाने के कारण पूरा गांव अंधेरे में है। इससे पहले भी लंबे समय से लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। खेतों में खड़ी फसल सूख रही है। कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं चल रही हैं। जिससे छात्रों को भी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों का आक्रोश देख कार्यालय से अधिकारी बाहर चले गये। इस दौरान महिलाएं भी कार्यालय के अंदर पहुंच गईं। उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गामीणों का ग्रामीणों का आक्रोश देखते हुए अधिकारी कार्यालय छोडक़र चले गए। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।

सरपंच भारत गेंडरे सहित गांव के कई प्रमुख लोगों ने कहा कि बिजली की समस्या से रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है। ग्रामीणों और किसानों ने कहा कि विद्युत समस्या के चलते छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार विद्युत विभाग को लिखित शिकायत दी। लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। 

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से गांव में बिजली नहीं है। जिससे किसानों के अलावा खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण और किसान शांत हुए। इस बीच धरने पर बैठे किसानों और ग्रामीणों को सहायक कार्यपालन अभियंता बी के टंडन ने आश्वासन दिया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इसके अलावा शाम तक पिथौरा से एक और ट्रांसफार्मर मंगाया जा रहा है। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण और किसान शांत हुए।


अन्य पोस्ट