महासमुन्द
महासमुंद,18मार्च। पांचवीं की बोर्ड परीक्षा सोमवार को गणित विषय के पर्चे के साथ शुरू हो गई। 18 मार्च से कक्षा 8 वीं की गणित विषय से बोर्ड परीक्षा शुरू हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीयकृत परीक्षा के अंतर्गत इस बार 14 साल बाद पांचवीं आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं ली जा रही है। साल 2010-2011 के बाद से ही पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं बंद हो चुकी थी। तब से लेकर गत शिक्षण सत्र तक स्थानीय परीक्षा अंतर्गत बच्चों को फेल नहीं किया जा रहा था। पांचवीं और आठवीं की परीक्षाएं इससे पूर्व जिला स्तर पर ही घरेलू स्तर पर ली जाती थी और इसके प्रश्न पत्र स्कूल स्तर पर ही तैयार होते थे। इस वर्ष से स्कूल शिक्षा विभाग ने पांचवीं और आठवीं परीक्षाओं को फिर से बोर्ड पैटर्न की तर्ज पर लेने का निर्णय लेते हुए आदेश जारी किए थे।
अब मूल्यांकन के लिए कापियां दूसरे जिलों में भेजी जाएंगी। कल सोमवार को जिले के 1429 परीक्षा केन्द्रों में पांचवीं की परीक्षा शुरू हुई। इस साल इस परीक्षा में भाग लेने के लिए 17180 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया है। इसी प्रकार कक्षा आठवीं की परीक्षा 18 मार्च को जिले के 589 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित होगी। इस परीक्षा में भाग लेने के लिए जिले के 17891 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है।
इस बार 5 वीं में 40 अंक के लिखित प्रश्न रहेंगे व 10 अंक के परियोजना कार्य होंगे। वहीं 8 वीं में 80 अंकों के लिखित तथा 20 अंकों के परियोजना कार्य के अंक रहेंगे।