महासमुन्द

18 लाख का गबन छिपाने सेल्समेन ने दो साथियों संग मिलकर लगाई थी शराब दुकान में आग, गिरफ्तार
19-Mar-2025 2:48 PM
18 लाख का गबन छिपाने सेल्समेन ने दो साथियों संग  मिलकर लगाई थी शराब दुकान में आग, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मार्च।
करीब 18 लाख रुपयों के गबन करने बाद उसको छिपाने के लिये मुख्य सेल्समेन और उसके साथियों ने देशी व विदेशी शराब दुकान तुमाडबरी में आग लगाई थी। पुलिस की पूछताछ में मास्टर माइंड मुख्य सेल्समेन चितेश्वर साहू समीपस्थ ग्राम खैरा निवासी ने साथियों के साथ मिलकर आग लगाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने चितेश्वर तथा ग्राम मोखला आरंग निवासी उसका रिश्तेदार रवि साहू तथा एक और सहयोगी ग्राम भिलाई आरंग निवासी दानीराम साहू को गिरफ्तार किया है। 

गौरतलब है कि बीते 14 और 15 मार्च की दरमियानी रात करीब साढ़े 3 बजे साथ लगी देशी-विदेशी शराब दुकानों में आग लग गई। मुख्य आरोपी चितेश्वर साहू ने करीब 6 माह पूर्व ही इन दुकानों का चार्ज लिया था। तब से लेकर आगजनी की घटना के एक दिन पूर्व यानी होलिका दहन के दिन 13 मार्च तक देशी मदिरा दुकान में 9.41 लाख तथा विदेशी मदिरा दुकान में 8.25 लाख रुपए कुल करीब 18 लाख रुपए का मदिरा शॉर्टेज पाया गया था।

इस बार होलिका दहन के दिन शराब की जमकर बिक्री हुई। दूसरे दिन 14 मार्च को शुष्क दिवस ड्राई डे था। आरोपियों ने होली खेलने के दिन 14 की रात को आगजनी के लिए चुना। ताकि घटना शरारती तत्वों की करतूत लगे। आगजनी में 7.31 लाख रुपए की विदेशी मदिरा तथा 1.50 लाख की संपत्ति और 1.10 लाख की देशी मदिरा तथा 4.50 लाख की संपत्ति नष्ट हुई है। 

महासमुंद सिटी कोतवाली पुलिस ने आबकारी उप निरीक्षक नितेश सिंह बैस की रिपोर्ट पर परसों 17 मार्च को बीएनएस की धारा 383, 5, 316-2, 316-3, 316-4, 318-3, 318-4, 326 जी के तहत राशि गबन तथा गबन के साक्ष्य नष्ट करने के लिये आगजनी, धोखाधड़ी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुुलिस ने समीपस्थ ग्राम खैरा जाकर चितेश्वर साहू के घर से 2.20 लाख रुपए नगद जब्त किये हैं।

वहां तैनात सुरक्षाकर्मी विजय साहू ने पुलिस को बताया था कि आवाज आने पर दुकान के पीछे जाकर देखा था। दुकान के पीछे की दीवार पर 12-15 फ ीट ऊंचाई पर बने रोशन दान के समीप से लोहे की ऊंची सीढ़ी लेकर दो व्यक्ति भाग रहे थे। विजय ने दूसरे सुरक्षाकर्मी त्रिभुवन को आवाज देकर पकडऩे की कोशिश की। किंतु दोनों सीढ़ी छोडक़र भाग निकले।

सूचना मिलने पर 112 की टीम, दमकल तथा आबकारी अधिकारी पहुंचे और सीलबंद तालों को तोडक़र आग बुझाने की कोशिश की गई। मदिरा दुकान की छत पर 2 पीले रंग के जरीकेन में पेट्रोल जैसा तरल द्रव्य, 1 पाइप तथा लोहे की सीढ़ी मिली। जिसे बाद में पुलिस व फॉरेसिंक टीम ने जब्त किया था।

इस आगजनी से बड़े नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा था। रायपुर रोड पर स्थित प्रीमियम शॉप में ऐसा ही अग्निकांड साल भर पहले हुआ था और पहले शराब दुकानों में चोरी की घटनाएं भी हुई थी। लिहाजा पुलिस को संदेह था कि यह सिर्फ एक अग्नि दुर्घटना है। उसने मामले की जांच शुरू की, तब खुलासा हुआ कि इस आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही थी कि किसी को शराब दुकान में आग लगाने से भला क्या फायदा? तब उसने दुकान में तैनात स्टाफ  से बात करना शुरू किया। मुख्य सेल्समेन चितेश्वर साहू ने पूछताछ में सब उगल दिया।
 


अन्य पोस्ट