परिवार ने शासन-प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 7 अगस्त। चेन्नई से अपने गांव लौट रहे केशकाल निवासी एक मजदूर की आंध्र प्रदेश में चलती ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपाल कुमार टण्डन निवासी ढोढरापारा, केशकाल, जिला कोंडागांव के रूप में हुई है।
रेलवे पुलिस की पंचनामा रिपोर्ट के अनुसार गोपाल कुमार टंडन मजदूरी के लिए चेन्नई गया हुआ था। वह 3 अगस्त को ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। 6 अगस्त की सुबह करीब 6.30 बजे आंध्र प्रदेश के टंगुटूरु रेलवे स्टेशन नॉर्थ यार्ड के पास चलती ट्रेन से गिर गया। हादसे में उसके सिर, चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल, ओंगोल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पंचनामा रिपोर्ट में घटना को दुर्घटनाजन्य बताया गया है तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या आपराधिक कारण से इनकार किया गया है।
गरीब परिवार पर टूटा आर्थिक संकट
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन आंध्र प्रदेश पहुंचे। परिजनों का कहना है कि शव लाने, एंबुलेंस, पोस्टमार्टम, दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में 50 से 60 हजार रुपये से अधिक का खर्च हो चुका है। गोपाल परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके निधन के बाद पत्नी, दो छोटी बेटियों और वृद्ध माता-पिता के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
केशकाल नगर पंचायत के पार्षद हेमंत बांदे ने भी जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन की उपलब्ध योजनाओं के तहत तत्काल राहत सहायता प्रदान की जाए। परिवार ने छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन कोंडागांव तथा संबंधित विभागों से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि अंतिम संस्कार के खर्च के साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण में भी सहयोग मिल सके।
एसडीएम ने लिया संज्ञान
मामले की जानकारी मिलने पर केशकाल एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक ने संज्ञान लेते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच उपरांत यदि परिवार शासन की निर्धारित पात्रता के अनुरूप पाया जाता है, तो उपलब्ध योजनाओं के तहत आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।