कोण्डागांव

नक्सल उन्मूलन में योगदान, कोण्डागांव पुलिस को मिला केन्द्रीय गृह मंत्री का अभिनंदन पत्र
08-Aug-2026 10:13 PM
नक्सल उन्मूलन में योगदान, कोण्डागांव पुलिस को मिला केन्द्रीय गृह मंत्री का अभिनंदन पत्र

 ‘छत्तीसगढ़’संवाददाता

कोण्डागांव, 8 अगस्त। देश में नक्सलवाद के उन्मूलन हेतु किए गए सराहनीय कार्यों के लिए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा प्रदत्त अभिनंदन पत्र कोण्डागांव पुलिस को प्राप्त हुआ है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में 6 अगस्त को जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना/चौकी प्रभारी, अधिकारी, कर्मचारी एवं जवानों को यह अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारियों द्वारा प्रतीक स्वरूप यह अभिनंदन पत्र प्राप्त कर अपने-अपने थाने में गौरव के साथ रखा गया।

यह अभिनंदन पत्र इस बात का प्रमाण है कि किस प्रकार बस्तर क्षेत्र के प्रत्येक जवान ने नक्सल उन्मूलन अभियान में अपना महत्वपूर्ण सहयोग एवं योगदान दिया है। विषम परिस्थितियों में भी जवानों के अदम्य साहस एवं समर्पण के कारण ही आज यह उपलब्धि संभव हो पाई है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह हमें सदैव याद दिलाएगा कि देश सेवा ही सर्वोपरि है। भविष्य में भी हम इसी निष्ठा और समर्पण के साथ जिले को नक्सल मुक्त बनाने हेतु कार्य करते रहेंगे।

 


अन्य पोस्ट