कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 12 अगस्त। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के साथ सोमवार को विकास नगर मैदान पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समारोह के गरिमामयी एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समारोह स्थल पर मंच व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, परेड, बैठक व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और रूपेश दांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।