कोण्डागांव

मजदूरी करने आए बंगाल के युवक की सडक़ हादसे में मौत
12-Aug-2026 9:43 PM
मजदूरी करने आए बंगाल के युवक की सडक़ हादसे में मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 12 अगस्त। जिला मुख्यालय में रविवार शाम हुए सडक़ हादसे में घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा 9 अगस्त की शाम करीब 6.30 बजे कोंडागांव जिला अस्पताल के सामने हुआ। घटना की सूचना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान सुजय सरदार पिता खोजन सरदार, निवासी दक्षिण 24 परगना, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुजय सरदार रोजगार की तलाश में कोंडागांव आया था और यहां रहकर भवन निर्माण कार्य में मजदूरी करता था।

जानकारी के अनुसार 9 अगस्त की शाम सडक़ पर सुजय सरदार को एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसके सीने में गंभीर चोट आई और नाक-मुंह से खून निकलने लगा। गंभीर हालत में उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।

 लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान डॉक्टर ने सुजय सरदार को मृत घोषित कर दिया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना में शामिल वाहन के संबंध में जांच कर रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल और उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट