कोण्डागांव

सडक़ों पर निर्माण सामान, यातायात प्रभावित
08-Aug-2026 10:12 PM
सडक़ों पर निर्माण सामान, यातायात प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’संवाददाता

कोण्डागांव, 8 अगस्त। जिला मुख्यालय कोण्डागांव में निर्माण कार्यों के दौरान सडक़ों पर रखी जा रही रेत, मिट्टी, ईंट और अन्य सामग्री लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। नगर के कई मार्गों पर निर्माण सामग्री डंप होने से यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।

इस मामले में नगर पालिका सीएमओ सचिन गुप्ता ने बताया कि निर्माण सामग्री सडक़ पर रखे जाने को लेकर शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि स्थल निरीक्षण के लिए इंजीनियर को निर्देश दिया गया है। जांच में यह देखा जाएगा कि संबंधित व्यक्ति ने भवन निर्माण की अनुमति ली है या नहीं। इसके बाद नियमों के अनुसार नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नेशनल हाईवे-30 पर जय स्तंभ चौक के पास केनरा बैंक के पास सडक़ किनारे निर्माण सामग्री रखी गई है, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसी तरह नगर पालिका कार्यालय से कुछ दूरी पर बड़े कनेरा मुख्य मार्ग स्थित नगर पालिका कॉम्प्लेक्स के पास और अन्य निर्माण स्थल के आसपास भी सडक़ किनारे रेत, मिट्टी सहित अन्य सामग्री रखे जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में सडक़ किनारे पड़ी निर्माण सामग्री से कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन रही है।

कई जगहों पर सडक़ का हिस्सा घिर जाने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से ऐसे निर्माण स्थलों की जांच कर नियमों का पालन कराने की मांग की है।

नगर पालिका अधिनियम में क्या है प्रावधान?

नगर पालिका क्षेत्र में भवन निर्माण या अन्य कार्यों के दौरान सार्वजनिक सडक़, नाली, फुटपाथ या आम रास्ते पर सामग्री रखकर यातायात बाधित करना नियमों के विरुद्ध माना जाता है। छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, अवरोध या असुविधा पैदा करने वालों के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन नोटिस जारी कर कार्रवाई कर सकता है। साथ ही भवन निर्माण के लिए स्वीकृति (बिल्डिंग परमिशन) और निर्धारित शर्तों का पालन करना भी अनिवार्य होता है।


अन्य पोस्ट