कोण्डागांव

शहीद के सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश, ग्रामीण और परिजन पहुंचे थाने
09-Aug-2026 9:41 PM
शहीद के सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश, ग्रामीण और परिजन पहुंचे थाने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 9 अगस्त। जिले के ग्राम पंचायत बड़े बेंदरी में अमर शहीद हेमंत दास मानिकपुरी के नाम पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नामकरण किए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। शहीद परिवार और ग्रामीणों ने कुछ लोगों द्वारा नामकरण का विरोध किए जाने और शहीद के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए शनिवार की देर रात सिटी कोतवाली कोण्डागांव पहुंचकर मामले की सूचना दी है।

शहीद परिवार और ग्रामीणों की माने तो शासन द्वारा ग्राम बड़े बेंदरी स्थित शासकीय विद्यालय का नाम अमर शहीद हेमंत दास शासकीय विद्यालय किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया भी की जा रही है। लेकिन गांव के कुछ लोगों द्वारा इस नामकरण का विरोध किया जा रहा है, साथ ही शहीद के प्रति कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी किए जाने से परिवार और ग्रामीणों की भावनाएं आहत हुई हैं।

शहीद हेमंत दास मानिकपुरी के परिजनों ने बताया कि 21 मार्च 2020 को सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिनपा में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के दौरान आरक्षक हेमंत दास मानिकपुरी वीरगति को प्राप्त हुए थे।

उनके बलिदान को याद रखने और आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देने के उद्देश्य से शासन द्वारा विद्यालय का नामकरण उनके नाम पर करने का निर्णय लिया गया है।

शहीद परिवार के सदस्य खेम मानिकपुरी ने बताया कि नामकरण को लेकर विद्यालय में बैठक आयोजित की गई थी। 5 अगस्त को हुई बैठक में कुछ लोगों के विरोध के बाद निर्णय नहीं हो पाया था, जिसके बाद 8 अगस्त को दोबारा बैठक रखी गई। इस बैठक में भी कुछ लोगों ने शहीद के नाम पर विद्यालय का नाम रखने को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अधिकांश ग्रामीण शहीद के नाम पर नामकरण के पक्ष में हैं, लेकिन कुछ लोगों के विरोध से शहीद परिवार की भावनाएं आहत हुई हैं।

वहीं शहीद के पिता सुखदास मानिकपुरी ने कहा कि उनका बेटा उनके लिए नहीं बल्कि देश के लिए शहीद हुआ है। शासन के आदेश का पालन करते हुए विद्यालय का नामकरण शहीद हेमंत दास मानिकपुरी के नाम पर किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है और आगे कलेक्टर सहित उच्च अधिकारियों के समक्ष भी शिकायत रखी जाएगी।

शहीद परिवार ने पुलिस से मांग की है कि शासन के आदेश का पालन करवाते हुए विद्यालय का नामकरण शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाए और शहीद के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट