मोहन मरकाम ने लगाया अपहरण का आरोप, लता उसेंडी ने किया खंडन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 9 फरवरी। नगर पालिका चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, जब वार्ड क्रमांक 2 की कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी पूर्णिमा पोयाम ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर दी। इस घटनाक्रम से कोण्डागांव की राजनीतिक गलियों में हलचल तेज हो गई है।
इस पर पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी पूर्णिमा पोयाम को जबरन उठाकर भाजपा में प्रवेश करवाया गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा द्वारा किए गए इस जबरन प्रवेश के बावजूद पूर्णिमा पोयाम पार्षद चुनाव में जीत दर्ज करेंगी।
वहीं, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने मोहन मरकाम के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने संगठन में झांककर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जहां उनके ही कार्यकर्ताओं ने पार्टी का समर्थन नहीं किया।
लता उसेंडी ने स्पष्ट किया कि पूर्णिमा पोयाम अपनी इच्छा से भाजपा में शामिल हुई हैं और पार्टी ने उन्हें खुले दिल से स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है कि आखिर क्यों उनके प्रत्याशी और कार्यकर्ता खुद को पार्टी में असहज महसूस कर रहे हैं।
इस घटनाक्रम के बाद नगर निकाय चुनाव के समीकरणों में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि इस मुद्दे का मतदान और चुनाव परिणामों पर क्या असर पड़ता है।