कोण्डागांव

शादी की सालगिरह पर बच्चों को कराया न्योता भोजन
08-Feb-2026 10:45 PM
शादी की सालगिरह पर बच्चों को कराया न्योता भोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 8 फरवरी। छत्तीसगढ़ के स्कूलों में संचालित प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत समुदाय की भागीदारी से ‘न्योता भोजन’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। राज्य शासन की पहल पर शुरू इस कार्यक्रम से स्थानीय लोग विभिन्न अवसरों पर स्कूलों में बच्चों को विशेष भोजन उपलब्ध करा रहे हैं।

इसी क्रम में कोंडागांव जिले के जनपद प्राथमिक शाला चिपावण्ड में बीआरपी  अशोक साहू ने अपनी शादी की सालगिरह के अवसर पर स्कूली बच्चों को न्योता भोजन कराया। कार्यक्रम में बच्चों को खीर, पूरी, सब्जी, पुलाव, सलाद और पापड़ परोसा गया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल, एपीसी श्रीनिवास नायडू, एपीसी सहदेव मरकाम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिपावण्ड की प्राचार्य शीला सोनपिपरे, सीएसी  सुरेश देवांगन और प्रधान अध्यापक बलधर भोयर उपस्थित रहे।

जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे कार्यक्रम जिले के अधिक से अधिक स्कूलों और आश्रम शालाओं में आयोजित किए जाएं और इनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि समुदाय की भागीदारी बढ़ सके।

कार्यक्रम के आयोजन में संकुल चिपावण्ड के शिक्षक-कर्मचारियों हीरालाल चुरेन्द्र, नीरज ठाकुर, प्रियंका पटेल, लता देवांगन, मोहन कोमरे और सुरेश कोर्राम ने सहयोग किया।

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना को सामुदायिक सहयोग से अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा न्योता भोजन की पहल शुरू की गई है। इस योजना के तहत कोई भी व्यक्ति या सामाजिक संगठन जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य अवसरों पर अपने नजदीकी स्कूल, आश्रम या छात्रावास में जाकर बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था कर सकता है। इसमें पूर्ण भोजन या पूरक पोषण के रूप में मिठाई, फल, नमकीन अथवा अन्य खाद्य सामग्री का योगदान किया जा सकता है।

जिला प्रशासन के अनुसार अब तक कोंडागांव जिले के लगभग 99 प्रतिशत स्कूलों में न्योता भोजन का आयोजन किया जा चुका है।


अन्य पोस्ट