कोण्डागांव
विधायक उसेंडी सहित जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 10 फरवरी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज कोण्डागांव के विकास नगर मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 305 जोड़े परिणय सूत्र में बंधकर दाम्पत्य जीवन की नई शुरुआत की। कार्यक्रम में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
विधायक लता उसेंडी ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। इसमें से 35 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाती है, जिससे नवदंपत्ति अपने भविष्य को बेहतर बनाने में उपयोग कर सकें। इस पहल से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह की चिंता दूर हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को सशक्त बनाना है और हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी नवविवाहित जोड़ों से एक-एक पेड़ लगाने का आग्रह किया। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने भी नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान सिद्ध हो रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 35 हजार रुपये का चेक वितरित किया गया। कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें नवदंपत्तियों के परिजनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।


