कोण्डागांव

फौजी पिता ने बेटी के जन्मदिन पर बुनागांव स्कूल में कराया न्योता भोजन
10-Feb-2026 11:00 PM
फौजी पिता ने बेटी के जन्मदिन पर बुनागांव स्कूल में कराया न्योता भोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 10 फरवरी। कोंडागांव जिले के ग्राम बुनागाँव स्थित जनपद प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला में 9 फरवरी को न्योता भोजन का आयोजन किया गया। यह आयोजन सतीश कुमार नेताम और सारिका नेताम द्वारा अपनी पुत्री गंगा नेताम के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया।

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा शुरू की गई न्योता भोजन पहल के तहत यह आयोजन किया गया। सतीश कुमार नेताम 14वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल में पदस्थ हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। उनके अनुरोध पर विद्यालय एवं आंगनबाड़ी के बच्चों तथा ग्राम के अभिभावकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।

भोजन में खीर, पूड़ी, मिक्सचर, पेड़ा, बर्फी और मटर-पनीर की सब्जी शामिल थी। सतीश कुमार नेताम ने बताया कि वे विद्यालय में पूर्व में आयोजित न्योता भोजन कार्यक्रमों से प्रेरित हुए और अपनी पुत्री का जन्मदिवस शाला परिवार के साथ मनाने का निर्णय लिया।

संस्था के प्रधान अध्यापक एवं संकुल समन्वयक धरम देवांगन ने बताया कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना को सामुदायिक सहयोग से प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा न्योता भोजन की पहल की गई है। इसके अंतर्गत कोई भी व्यक्ति या संस्था जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य अवसरों पर विद्यालय या छात्रावास में बच्चों के लिए भोजन या पूरक पोषण सामग्री उपलब्ध करा सकता है।

शिक्षक सूरज नेताम ने जानकारी दी कि चालू सत्र में यह विद्यालय में सामुदायिक सहयोग से आयोजित 18वाँ न्योता भोजन कार्यक्रम है।

कार्यक्रम के आयोजन में शिक्षिका मोनिका साहू की भूमिका रही। इस अवसर पर शिक्षिका शकुंतला यादव सहित ग्राम के अभिभावक अंजली कोर्राम, देवकी कोर्राम, उमेश्वरी कोर्राम, बालमती नेताम, इंदू सोरी, जयाबती मरकाम, हसीना नाग, गंगाबती नाग, जमनी कोर्राम, पूनम नाग, उमेश देहारी और जीवन भोयर उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट