कोण्डागांव

जमीन विवाद पर जानलेवा हमला, भाजपा नेता की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
09-Feb-2026 10:08 PM
जमीन विवाद पर जानलेवा हमला, भाजपा नेता की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 9 फरवरी। ग्राम गारका में दो पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली ज़मीन विवाद एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना में बदल गया। गत 6 फरवरी को दो सगे भाइयों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल कलार समाज के युवा प्रकोष्ठ के सम्भागीय अध्यक्ष एवं भाजपा के सक्रिय नेता प्रदीप सिन्हा ने 8 फरवरी की रात रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

इस घटना से पूरे केशकाल क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं प्रकरण की गहन जांच जारी है।

प्रदीप सिन्हा न सिर्फ एक सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता थे, बल्कि समाजसेवा और युवाओं के मार्गदर्शन में भी उनकी अहम भूमिका रही। वे पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के पद पर भी रह चुके थे। उनकी हत्या को कलार समाज और भाजपा संगठन के लिए गहरी क्षति माना जा रहा है।

 सांसद-विधायकों सहित समाज व संगठन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

मृतक प्रदीप सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सांसद भोजराज नाग, विधायक लता उसेंडी, विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व सांसद मोहन मंडावी सहित कलार समाज के पदाधिकारियों और भाजपा नेताओं ने इसे एक होनहार, कर्मठ और जमीनी नेता की अपूरणीय क्षति बताया। सभी नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। समाजजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदीप सिन्हा की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 फरवरी को प्रार्थिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके पति प्रदीप सिन्हा अपने घर-बाड़ी में मजदूरों के माध्यम से फेंसिंग के लिए तार व खुटा लगा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सुंदर लाल सिन्हा और किशुन सिन्हा वहां पहुंचे और जमीन पर फेंसिंग लगाने को लेकर विवाद करने लगे। दोनों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

इस दौरान सुंदर लाल सिन्हा ने प्रदीप सिन्हा के पैर पकड़ लिए, जबकि किशुन सिन्हा ने लोहे के सब्बल से सिर पर प्राणघातक वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल प्रदीप सिन्हा को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया था। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 296 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुंदर लाल सिन्हा (60 वर्ष) एवं किशुन सिन्हा (58 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गारका को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।


अन्य पोस्ट