कोण्डागांव
कवासी लखमा ने मोहन मरकाम के साथ बुलेट पर सवार होकर अभिवादन स्वीकार किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 8 फरवरी। कोंटा विधानसभा के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कवासी लखमा को एक कथित शराब घोटाला मामले में जेल भेजा गया था। तेरह महीने बाद न्यायालय से जमानत मिलने के बाद उनके कोंडागांव आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया।
शनिवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर नाका से रेस्ट हाउस तक बाइक रैली निकाली। इस दौरान ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया गया। रैली के दौरान कवासी लखमा पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन मरकाम के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए रेस्ट हाउस पहुंचे।
रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कवासी लखमा ने कहा, सुबह का समय छोडक़र आप लोग मुझसे मिलने आए, यही आपका प्यार मुझे ताकत देता है। भाजपा मुझे जेल भेजकर बस्तर की आवाज को दबा नहीं सकती। जब तक मेरी सांस चलेगी, बस्तर के जल, जंगल और जमीन के लिए आवाज उठाता रहूंगा।
उन्होंने आगे कहा, भाजपा सरकार द्वारा विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जाता है, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। स्वागत कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन मरकाम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवी घोष, पूर्व जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान, तरुण गोलछा, महामंत्री रितेश पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन, सुखबती मरकाम, तबस्सुम बानो, लेखनी प्रधान, नीलू देवांगन, रंजीता अग्रवाल, गीता मेश्राम, अंजू जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


