कोण्डागांव

स्वच्छता और सेवा में कोंडागांव का परचम
08-Feb-2026 10:50 PM
स्वच्छता और सेवा में कोंडागांव का परचम

आयुर्वेद औषधालय बोरगांव व अनंतपुर आयुष केंद्र को मिला ‘कायाकल्प आयुष’ प्रथम पुरस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 8 फरवरी। स्वास्थ्य क्षेत्र में कोंडागांव जिले ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली से राज्य स्तर पर पहचान बनाई है। छत्तीसगढ़ आयुष विभाग द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘कायाकल्प आयुष’ कार्यक्रम के अंतर्गत कोंडागांव जिले के शासकीय आयुर्वेद औषधालय बोरगांव ने बस्तर संभाग में लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। वहीं अनंतपुर आयुष केंद्र ने भी अपनी विशिष्ट सेवाओं के लिए संभाग स्तरीय सम्मान अर्जित कर जिले को दोहरी उपलब्धि दिलाई है।

राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत संचालित इस पहल में बोरगांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का मूल्यांकन स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, भवन संधारण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन एवं सौंदर्याकरण जैसे कड़े मापदंडों के आधार पर किया गया। केंद्र ने सात प्रमुख श्रेणियों आयुष स्वास्थ्य केंद्र संधारण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण, सहायक सेवाएँ, स्वच्छता संवर्धन एवं सेवा गुणवत्ता समीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र अपने नाम किया।

प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित कायाकल्प आयुष योजना का उद्देश्य आयुष अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को संस्थागत रूप देना है, ताकि रोगियों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

4 फरवरी को राजधानी रायपुर में आयोजित कायाकल्प आयुष पुरस्कार वितरण समारोह में मंत्री, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग श्याम बिहारी जायसवाल, संचालक आयुष  संतन देवी जांगड़े एवं सचिव अमित कटारिया द्वारा प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो तथा 75 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर इन आयुष केंद्रों को जनस्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों हेतु सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह पुरस्कार केवल एक प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि आयुष चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की सतत मेहनत, अनुशासन और प्रतिबद्धता का परिणाम है। स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण ही सकारात्मक स्वास्थ्य परिणामों की आधारशिला है।

बोरगांव एवं अनंतपुर आयुष केंद्रों की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। यह सम्मान न केवल अन्य आयुष केंद्रों को स्वच्छता एवं गुणवत्ता की दिशा में प्रेरित करेगा, बल्कि जिले के नागरिकों को और अधिक सुदृढ़ तथा भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में भी सहायक सिद्ध होगा।


अन्य पोस्ट