‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 12 जनवरी। धान खरीदी केंद्रों में इन दिनों भौतिक सत्यापन का कार्य तीव्रता से जारी है। पिछले दो दिनों में 12 से अधिक केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 5 केंद्रों में ऑनलाइन पंजीकृत धान की तुलना में 1704 क्विंटल अधिक धान पाया गया। इस अतिरिक्त धान को जब्त कर लिया गया है, जिसकी कुल कीमत 52.84 लाख रुपये आंकी गई है। केंद्र प्रभारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जिला कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और सहकारी विभाग की संयुक्त टीम यह कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी की अंतिम तिथि तक यह सख्ती जारी रहेगी।
तहसीलदार और खाद्य विभाग ने बोदरी केंद्र का निरीक्षण किया। भौतिक सत्यापन में केंद्र में 240 क्विंटल अतिरिक्त धान पाया गया। इसे जब्त कर केंद्र के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
गनियारी केंद्र में जांच के दौरान 681 कत्ती (धान की बोरी) अतिरिक्त पाई गई। इसे जब्त कर प्रभारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
सोन केंद्र में 500 कत्ती धान अतिरिक्त मिला। इसे भी जब्त कर केंद्र के अधिकारियों पर कार्रवाई की गई।
कौडिय़ा केंद्र में जांच के दौरान 230 क्विंटल धान अतिरिक्त पाया गया। इसे जब्त कर समिति के अधिकारियों पर मामला दर्ज हुआ।
बोदसरा केंद्र में 762.6 क्विंटल धान अतिरिक्त मिला। इसे जब्त कर जिम्मेदार अधिकारियों पर मामला दर्ज किया गया।
सभी केंद्रों पर उपलब्ध धान की बोरियों को गिनकर और उनका रैंडम वजन कर ऑनलाइन पंजीकृत मात्रा से मिलान किया गया। जहां-जहां गड़बड़ी मिली, वहीं पर तुरंत कार्रवाई की गई।