बिलासपुर

सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, सिम्स के डॉक्टर की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज
05-Feb-2026 1:14 PM
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, सिम्स के डॉक्टर की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 5 फरवरी। बलौदाबाजार हिंसा मामले में आरोपी एक युवक के सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिम्स चिकित्सालय में पदस्थ डॉक्टर संजय बंजारे ने सिविल लाइन थाने में यह शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र का निवासी जितेंद्र बंजारा बलौदाबाजार हिंसा का आरोपी है। वह पिछले कुछ महीनों से अपने सोशल मीडिया खातों के जरिए आपत्तिजनक और भड़काऊ वीडियो लगातार पोस्ट कर रहा है।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी अपने वीडियो में एक विशेष समुदाय के विरुद्ध नफरत फैलाने, समाज में वर्गीय तनाव पैदा करने और राजनीतिक दलों, नेताओं व सामाजिक संगठनों पर बिना आधार के आरोप लगाने जैसी गतिविधियों में लिप्त है। इन पोस्टों में अत्यंत आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। अपनी शिकायत में डॉक्टर ने बताया कि बाबा गुरुघासीदास की जयंती के दिन महंतबाड़ा स्थित जैतखंभ में दर्शन के लिए पहुंचे अन्य समुदायों और सामाजिक संगठनों के लोगों के साथ आरोपी ने दुर्व्यवहार किया। इसके बाद उसने गाली-गलौज और भड़काऊ टिप्पणियों से भरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जो अब भी फेसबुक अकाउंट और व्हाट्सऐप समूहों में उपलब्ध है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी की गतिविधियां सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचाने वाली हैं और लगातार ऐसी सामग्री साझा कर वह माहौल को अशांत करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 296, 299, 302, 351 और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।  

 


अन्य पोस्ट