बिलासपुर

थाने के भीतर हंगामा करने वाले पड़ोसियों के खिलाफ एफआईआर
05-Feb-2026 1:39 PM
थाने के भीतर हंगामा करने वाले पड़ोसियों के खिलाफ एफआईआर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 5 फरवरी। कोटा क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच चल रहे पुराने विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब दोनों पक्ष अपने-अपने परिजनों और समर्थकों के साथ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंच गए थे। थाने परिसर में ही तीखी बहस, गाली-गलौज और अनुशासनहीन व्यवहार शुरू हो गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, चंडी माता चौक के पास रहने वाले संतोष मिश्रा उर्फ छोटू महाराज और राम सोनी के बीच वाहन पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान संतोष उर्फ छोटू महाराज द्वारा राम सोनी पर तलवार से हमला किए जाने की बात सामने आई है।

घटना के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने परिजनों और समर्थकों के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए कोटा थाने पहुंचे। लेकिन वहां भी तनाव कम होने के बजाय और बढ़ गया। थाने परिसर में दोनों गुट आमने-सामने आ गए और विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कई बार दोनों पक्षों को शांत रहने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी, लेकिन दोनों ओर से पुलिस की अपीलों को नजरअंदाज किया गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने किसी तरह हस्तक्षेप कर दोनों गुटों को अलग किया।

पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इस पर रजनेश सिंह ने थाने में हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नुपुर उपाध्याय ने बताया कि कानून दोनों पक्षों पर मामला दर्ज किया गया है।

 


अन्य पोस्ट