दाढ़ी पुलिस किराए की गाड़ी से कर रही पेट्रोलिंग, चंदनु थाना, खंडसरा व संबलपुर चौकी में चारपहिया ही नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 29 सितंबर। जिले में पुलिस पुराने वाहनों से काम चला रही है। वाहन की कमी का सामना कर रही पुलिस की टीम को वाहन अधिग्रहण कर काम चलाना पड़ता है। जिले में संचालित चौकी व थाना के कार्यक्षेत्र में ग्रामीण इलाके ज्यादा हैं, जहां पर आने व जाने के लिए वाहनों की जरूरत कई साल से बनी हुई है पर काम दो पहिया वाहन के सहारे करना पड़ रहा है।
जानकारी हो कि जिले के कई चौकी व थाना लंबे अर्से से चार पहिया वाहन नहीं होने और जहां पर हैं, वहां पर पुराने वाहनों से काम चलाया जा रहा है। जिले के चंदनु थाना, खंडसरा चौकी व संबलपुर चौकी में चार पहिया वाहन नहीं है।
परपोड़ी थाना व देवरबीजा चौकी में पुराने वाहन से काम चलाना पड़ रहा है। दाढ़ी थाना पुराना वाहन कंडम होने की वजह से बीते कुछ माह से अधिग्रहित वाहन से काम चल रहा है। बेरला थाना में हाइवे पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध है। वहीं कंडरका चौकी में पुराना चार पहिया वाहन है। जिले के चंदनु थाना का गठन 2022 के दौरान किया गया था। पूर्व में चंदनु चौकी हुआ करता था तब से यहां पर चार पहिया वाहन की कमी है, जिसे थाना बनने के बाद अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया है।
बेमेतरा थाना में भी एक हाइवे पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध है। साजा ब्लॉक के साजा थाना व थान खम्हरिया थाना में पुराना वाहन उपलब्ध है। नवागढ़ थाना में एक चार पहिया वाहन है।
शहर में वाहन उपलब्ध हो
जाता है, गांवों में समस्या
जिले में संचालित थाना में बेमेतरा, नवागढ़, बेरला, साजा, थानखम्हरिया, नांदघाट, दाढ़ी, परपोड़ी व चौकी में संबलपुर, खंडसरा, देवकर, कंडरका, देवरबीजा, मारो शामिल हैं। जिले के 8 थाना व 5 चौकी के दायरे में 10 नगर पंचायत व 650 ग्राम हैं। चार पहिया वाहन की उपलब्धता शहरी क्षेत्रों में अधिक है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कम है। दुर्घटना व वारदात के समय मौके पर पहुंचने के लिए वाहन विहीन थाने के पुलिस कर्मियों को दो पहिया के सहारे मौके पर पहुंचना पड़ता है या फिर पुलिस को वाहन जुटाना पड़ता है पर ग्रामीण क्षेत्रों में वाहन कम ही मिल पाता है।
21 गांव की चौकी तो 89 गांव वाले थाने भी हैं जिले में
जिले में संचालित किए जा रहे थानों में बेेमेतरा सिटी कोतवाली के दायरे में 89, नवागढ़ थाना के दायरे में 80, बेरला थाना 56, दाढ़ी थाना 66, परपोड़ी थाना 33, थानखम्हरिया थाना 60 गांव व साजा थाना के दायरे में 50 से अधिक गांव व शहर आते हैं। इसी तरह संचालित चौकियों में से चंदनु में 33, देवरबीजा 38, संबलपुर 25, खंडसरा 26 व देवकर चौकी में 21 गांव आते हैं।
नए वाहन की दरकार
जिले के बेमेतरा व बेरला थाना में नए वाहन उपलब्ध हैं। इन दोनों थानों को छोडक़र दीगर थाना व चौकियों में हाइवे पेट्रोलिंग का वाहन उपलब्ध है। उनमें सेे एक दो को छोडक़र बाकी वाहन पुराने हो चुके हैं। वर्तमान में जिस तरह के वाहन आज आने लगे हैं। उस लिहाज से उपलब्ध वाहन कमजोर साबित हो सकते हैं। वहीं जिले में 112 की टीम भी नहीं है।
दुर्घटना के समय 108 की उपलब्धता है
जिले में सडक़ हादसों के दौरान मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल तक पहुंचाने के लिए 108 वाहन का होना पुलिस के नजरिये से राहत देने वाला है।
जरूरत होने पर तत्काल वाहन
उपलब्ध कराते हैैं - एसपी साहू
एसपी रामकृष्ण साहू ने कहा कि जिले में इस तरह की स्थिति कुछ ही थानो में हैं पर वहां पर पर्याप्त दो पहिया वाहन हैं। अगर मांग की जाती है तो उन्हें तत्काल वाहन उपलब्ध कराते हैं। जिले से वाहन की मांग के लिए पत्र सक्षम अधिकारी को प्रस्तुत किया गया है।