दुर्ग

कांग्रेस की न्याय यात्रा बनी उम्मीद की किरण-वोरा
29-Sep-2024 5:43 PM
कांग्रेस की न्याय यात्रा बनी उम्मीद की किरण-वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 सितंबर।
छत्तीसगढ़ पिछले 9 महीनों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में गंभीर संकट से गुजर रहा है। अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है, और महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गए हैं। हाल की घटनाएं, जैसे बलौदा बाजार में निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी और कवर्धा में साहू समाज के तीन युवाओं की दुर्भाग्यपूर्ण मौत, सरकार की विफलता को उजागर करती हैं। शांति का टापू कहे जाने वाला छत्तीसगढ़ अब अपराध का गढ़ बन गया है, आए दिन अपराध के नए-नए किस्से सुनने और देखने को मिलते हैं। जनता का सरकार की गूंगी-बहरी भूमिका से भरोसा टूट गया है।

इन्हीं घटनाओं और विफलताओं के खिलाफ आवाज़ उठाने तथा प्रदेश में पुन: सामाजिक समरसता और शांति स्थापित करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा की शुरुआत आज की। यह छह दिन की पदयात्रा 125 किमी का सफर तय करते हुए 2 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान में समाप्त होगी। इस यात्रा का मुख्य मकसद है जनता को न्याय दिलाना और राज्य में कानून-व्यवस्था की बहाली सुनिश्चित करना। अरुण वोरा ने प्रथम दिन की यात्रा की सफलता पर कहा, यह यात्रा न केवल न्याय की मांग है, बल्कि प्रदेश में शांति और समरसता की वापसी की एक पहल है। हमें जनता का जो समर्थन मिला है, उससे साफ है कि छत्तीसगढ़ न्याय चाहता है। उन्होंने यात्रा में शामिल होने वाले हजारों लोगों को धन्यवाद दिया और सभी से अपील की कि वे इस यात्रा में जुड़ते रहें। आज जनता के उत्साहपूर्वक वातावरण से यह साफ हो गया कि आने वाले दिनों में यह न्याय यात्रा और भी बड़ा जनांदोलन बनेगी।


अन्य पोस्ट