बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 9 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नव नियुक्त बिलासपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष गायत्री साहू जल्द ही पूरे जिले का संगठनात्मक दौरा करेंगी। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और जिला कार्यकारिणी का गठन करना रहेगा।
गायत्री साहू ने कहा कि संगठन में सक्रिय और समर्पित महिलाओं को आगे लाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली महिलाओं को कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी, ताकि संगठन को और अधिक मजबूती मिल सके।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों में कई ऐसी कर्मठ महिलाएं हैं, जो लंबे समय से पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने में योगदान दे रही हैं। यदि उन्हें उचित मंच और जिम्मेदारी दी जाए तो वे संगठन को नई ऊर्जा दे सकती हैं।
गायत्री साहू ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें नेतृत्व के अवसर देना ही उनका लक्ष्य है। उनके इस दौरे को संगठन विस्तार और महिला शक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।


