बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 29 मई। करगीरोड (कोटा) में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व मुस्लिम समाज द्वारा खुशनुमा माहौल में मनाया गया। कोटा नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से मुस्लिम समुदाय के लोग ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचे।
सुबह 8 बजे ईदुल-अजहा की नमाज मस्जिदे ताहा के पेश इमाम गुलजार साहब ने अदा कराई। नमाज के बाद देश और दुनिया में अमन-चैन, सद्भाव और भाईचारे के लिए दुआ की गई। ईदुल-अजहा को मुस्लिम समुदाय में त्याग और बलिदान के प्रतीक पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर इस्लाम के पैगंबर हजरत इब्राहिम अलैह अस्सलाम और हजरत इस्माइल अलैह अस्सलाम की कुर्बानी और समर्पण को याद किया जाता है। परंपरा के अनुसार, इस पर्व पर मुस्लिम समुदाय द्वारा कुर्बानी की रस्म अदा की जाती है, जो ईदुल-अजहा के दिन से अगले दो दिनों तक जारी रहती है।
इस अवसर पर मस्जिद कमेटी कोटा के सेक्रेटरी अब्दुल गफ्फार खान, खजांची मोहम्मद फिरोज रजा, नायब सदर जब्बार खान, मदरसा कमेटी अध्यक्ष साबिर अली तथा हुसैनी यंग कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद जावेद खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।


