बिलासपुर

जमीन विवाद में किसान ने जहर खाकर जान दी, उकसाने का आरोपी गिरफ्तार
01-Jun-2026 1:08 PM
जमीन विवाद में किसान ने जहर खाकर जान दी, उकसाने का आरोपी गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 1 जून। सीपत थाना क्षेत्र में जमीन और मकान खाली कराने को लेकर हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार फरहदा गांव निवासी कनक पटेल ने कथित प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी बलराम यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

घटना की शिकायत मृतक की पत्नी परमेश्वरी पटेल ने 29 मई को सिपत थाने में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका परिवार वर्षों से फरहदा गांव के बजरंग चौक स्थित शासकीय भूमि पर बने मकान में रह रहा है। आरोप है कि पड़ोसी बलराम यादव एक वृद्ध महिला रामकली यादव को साथ लेकर उनके घर पहुंचा और मकान जिस जमीन पर बना है, उसे रामकली की संपत्ति बताते हुए घर खाली करने का दबाव बनाने लगा।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने न केवल घर खाली करने की बात कही, बल्कि जबरन घर में प्रवेश कर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटनाक्रम से कनक पटेल और उनका परिवार गहरे तनाव में आ गया।

परिजनों का आरोप है कि लगातार हो रही कथित प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर कनक पटेल ने जहरीली दवा का सेवन कर लिया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 30 मई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृत्यु के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। जांच में यह तथ्य सामने आने पर कि कथित रूप से आरोपी की हरकतों और दबाव के कारण मृतक ने यह कदम उठाया, प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) भी जोड़ दी गई।

घटना के बाद से फरार चल रहे बलराम यादव को सिपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।  


अन्य पोस्ट