बिलासपुर

रात तीन बजे घेराबंदी, दो ई-ऑटो से 46 लाख का गांजा बरामद; आठ महिलाएं गिरफ्तार
19-May-2026 1:23 PM
रात तीन बजे घेराबंदी, दो ई-ऑटो से 46 लाख का गांजा बरामद; आठ महिलाएं गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 19 मई। बिलासपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 किलो गांजा के साथ आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सरकंडा थाना और मोपका चौकी पुलिस ने एसीसीयू टीम के साथ संयुक्त रूप से की। आरोपियों के कब्जे से दो ई-ऑटो रिक्शा भी जब्त किए गए हैं। बरामद गांजा और वाहनों की कुल कीमत करीब 46 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक 17 और 18 मई की दरम्यानी रात करीब तीन बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो ई-ऑटो रिक्शा में कुछ महिलाएं बिलासपुर रेलवे स्टेशन की ओर से सीपत की तरफ जा रही हैं। उनके पास बड़ी मात्रा में गांजा होने की जानकारी दी गई थी, जिसे बोरियों और कपड़ों के गठ्ठरों में छिपाकर रखा गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों और एसीसीयू टीम के साथ बिलासपुर-सीपत मार्ग पर सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए दोनों ई-ऑटो वहां पहुंचे, जिन्हें रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान आठ प्लास्टिक बोरियों और कपड़ों के बंडलों से खाकी टेप में पैक किए गए गांजा के 86 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलो बताया गया है। कुल वजन 90 किलो निकला।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो ई-ऑटो रिक्शा भी जब्त किए।  

गिरफ्तार महिलाओं में अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, राममती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। अधिकांश आरोपी महिलाएं मटियारी गांव की रहने वाली हैं, जबकि एक महिला सीपत थाना क्षेत्र से है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों से गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चैन को लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट