बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर,11 मई। एंटी करप्शन ब्यूरो की बिलासपुर इकाई ने सक्ती जिले के छत्तीसगढ़ पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक को कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया। ब्यूरो का कहना है कि शिकायतकर्ता के खिलाफ दर्ज मामले में कार्रवाई प्रभावित करने के बदले 40 हजार रुपये मांगे गए थे। एसीबी के मुताबिक, इसमें से 20 हजार रुपये पहले लिए जा चुके थे और दूसरी किश्त लेते समय आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
एसीबी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर, थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने बिलासपुर स्थित एसीबी कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि उसके तथा उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ ग्राम बालपुर निवासी सरस्वती जायसवाल ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले एएसआई एस.एन. मिश्रा 40 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
एसीबी का कहना है कि शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 20 हजार रुपये लिए जाने की पुष्टि हुई, जबकि शेष राशि दिया जाना बाकी थी। इसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई।
एसीबी के अनुसार, 10 मई को शिकायतकर्ता ने आरोपी को गुड्डू ढाबा, चंद्रपुर बुलाया, जहां 20 हजार रुपये लेते समय टीम ने उसे पकड़ लिया और राशि बरामद की।
सीबी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी ने यह भी कहा कि उसे आरोपी के संबंध में रिश्वत मांगने की शिकायतें पहले भी मिलती रही थीं।
एसीबी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लोकसेवक द्वारा रिश्वत मांगने की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल ब्यूरो को दें।


