बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 18 मई। रतनपुर क्षेत्र के चचई डैम में रविवार को पिकनिक मनाने गए एक युवक ने डूब रहे बच्चे की जान बचाने के लिए बिना अपनी परवाह किए गहरे पानी में छलांग लगा दी। बच्चा तो सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन उसे बचाने वाला युवक खुद डैम के गहरे पानी में डूब गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका।
जानकारी के मुताबिक जरहाभाठा मंदिर चौक के पास रहने वाले 10 से 15 युवकों का समूह रविवार को रतनपुर थाना क्षेत्र के लच्छनपुर स्थित चचई डैम घूमने गया था। सभी युवक डैम के आसपास घूम रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे और युवक पानी में नहा रहे थे, तभी एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
बच्चे को डूबता देख जरहाभाठा के जातिया तालाब के पास रहने वाला 20 वर्षीय धीरज रात्रे तुरंत पानी में कूद पड़ा। उसने साहस दिखाते हुए बच्चे को अपनी पीठ पर लादकर सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन उसी दौरान वह खुद गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि पानी की गहराई अधिक होने के कारण धीरज बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तुरंत रतनपुर और कोटा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद धीरज का शव पानी से बाहर निकाला गया।
जिस बच्चे की जान धीरज ने बचाई, वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।


