बिलासपुर

17 युवाओं को कांस्टेबल का नियुक्ति पत्र सौंपा एसएसपी ने, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण का दिया निर्देश
18-Dec-2025 1:33 PM
17 युवाओं को कांस्टेबल का नियुक्ति पत्र सौंपा एसएसपी ने, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण का दिया निर्देश

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 18 दिसंबर। हजारों अभ्यर्थियों में से चयनित होकर पुलिस सेवा में प्रवेश करना गौरव की बात है। पुलिस की वर्दी केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और विश्वास की जिम्मेदारी है। यह बात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरक्षक भर्ती 2023-24 के तहत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कही।

आरक्षक संवर्ग चयन प्रक्रिया वर्ष 2023-24 के अंतर्गत पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज द्वारा अनुमोदित सूची के अनुसार चयनित उम्मीदवारों की चरित्र सत्यापन और मेडिकल जांच की गई। सभी मापदंडों पर खरे उतरने वाले अभ्यर्थियों को जिला पुलिस बल बिलासपुर में आरक्षक (जीडी) के रिक्त पदों पर अस्थायी रूप से आमद दी गई।

इसी क्रम में 17 दिसंबरृ को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंहृ ने 17 चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति आदेश जारी कर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित आरक्षक बेहद उत्साहित नजर आए और सभी ने रक्षित केंद्र में अपनी आमद दर्ज कराई।

नियुक्ति के अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह ने नवजवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण सर्वोपरि है। उन्होंने जवानों को आमजन की समस्याओं के समाधान और उनकी सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की हिदायत दी।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी अनुचित कार्य या संदिग्ध आचरण से दूर रहकर अच्छा कार्य करें, ताकि न केवल अपना और अपने परिवार का, बल्कि बिलासपुर पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस का नाम भी रोशन कर सकें।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि शेष चयनित उम्मीदवारों की चरित्र सत्यापन और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होते ही उन्हें भी शीघ्र नियुक्ति देकर आमद दी जाएगी।

 


अन्य पोस्ट