बिलासपुर

सौतेले पिता की पूरी उम्र जेल में ही कटेगी, 14 साल की बेटी के साथ किया था रेप
23-Feb-2026 1:08 PM
सौतेले पिता की पूरी उम्र जेल में ही कटेगी, 14 साल की बेटी के साथ किया था रेप

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 23 फरवरी। रतनपुर इलाके में एक शख्स ने अपनी ही 14 साल की नाबालिग सौतेली बेटी की जिंदगी नर्क बना दी। आरोपी ने बच्ची को डरा-धमकाकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। अब इस मामले में अदालत ने आरोपी को आखिरी सांस तक जेल में रहने की सजा सुनाई है।

अभियोजन के मुताबिक, बच्ची की मां का असली पति उसे कोविड महामारी के समय छोड़कर चला गया था। इसके बाद वह आरोपी के साथ रहने लगी। करीब दो साल पहले, आरोपी काम के सिलसिले में बच्ची को अपने साथ मुंबई ले गया, जहां वह एक बिल्डिंग में गार्ड की नौकरी करता था। वहीं उसने बच्ची के साथ डरा-धमकार दुष्कर्म शुरू किया। जब बच्ची विरोध करती, तो वह उसे धमकी देता कि वह उसकी मां को मार डालेगा या उसे छोड़ देगा। डर के मारे बच्ची चुप रही।

मुंबई से वापस आने के बाद जब मां ने देखा कि उसकी बेटी का पेट असामान्य रूप से बढ़ रहा है, तो उसे शक हुआ। वह उसे डॉक्टर के पास ले गई, जहां पता चला कि 14 साल की मासूम 8 महीने की गर्भवती है। मां के पूछने पर बच्ची फूट-फूटकर रो पड़ी और सौतेले पिता की सारी काली करतूतें बता दीं। उसने बताया कि मुंबई से लेकर रतनपुर तक उसके साथ दरिंदगी की गई।

16 जुलाई 2024 को मां ने हिम्मत जुटाई और रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन आरोपी को जेल भेज दिया। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हुई। सबूतों और बच्ची के बयान के आधार पर जज ने आरोपी को कड़ी सजा सुनाई। कोर्ट ने आदेश दिया कि आरोपी अब अपनी बाकी की पूरी जिंदगी जेल की सलाखों के पीछे ही बिताएगा। साथ ही उस पर जुर्माना भी लगाया गया है।

 


अन्य पोस्ट