बिलासपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 22 सितंबर। कांग्रेस संगठन में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर पहली बार बंद कमरों में रायशुमारी की गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पर्यवेक्षकों ने शहर के अलग-अलग ब्लॉकों में बैठक लेकर कार्यकर्ताओं से राय जानी।
पर्यवेक्षकों ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में उदयपुर अधिवेशन में लिए गए फैसलों के अनुसार संगठन को जमीनी स्तर से मजबूत करने का काम चल रहा है। बूथ, सेक्टर, मंडल, ब्लॉक और जिला—हर स्तर की इकाई को ताकतवर बनाने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सितंबर के अंत तक नई सूची जारी कर दी जाएगी और रिपोर्ट शीघ्र ही प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को सौंपी जाएगी। 21 सितंबर को शहरी ब्लॉक 01, 02, 03 और 04 के लिए पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी दी गई थी। ब्लॉक 01 की बैठक में प्रदेश महामंत्री प्रशांत मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से बातचीत की।ब्लॉक 02 की बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज गुप्ता ने किया। ब्लॉक 03 के लिए पूर्व विधायक चुरावन मंगेशकर पहुंचे। ब्लॉक 04 में पूर्व महापौर राजकिशोर सिंह ने बैठक ली। पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा की।
शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि बदलाव एक प्रक्रिया है। इससे नए लोगों को नेतृत्व का मौका मिलेगा और अनुभवी नेताओं को बड़े पदों पर संगठन की मजबूती के लिए लगाया जाएगा। ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि संगठन सृजन से वास्तविक नेतृत्व सामने आएगा और कार्यकर्ताओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जगेगी।
पूर्व महापौर रामशरण यादव ने कहा कि भाजपा द्वारा वोटर लिस्ट में हेरफेर की कोशिशों के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। हर नेता को अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहकर गड़बड़ियों का विरोध करना होगा।
बैठकों में शहर और ग्रामीण अध्यक्षों के साथ-साथ पूर्व महापौर, पर्यवेक्षकगण और कांग्रेस संगठन से जुड़े कार्यकर्ता शामिल थे। ब्लॉकों से जुड़े अनेक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने अपनी राय रखी और संगठन की मजबूती पर चर्चा की।


