बिलासपुर
बिलासपुर, 7 दिसंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में ‘कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीडऩ (रोकथाम, निषेध और निवारण)’ सप्ताह 2024 के अंतर्गत एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रखा गया।
इस सेमिनार की मुख्य अतिथि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी डॉ. दर्शनीता बी. अहलूवालिया थीं। प्रमुख वक्ताओं में स्वयंसेवी संगठन से आंतरिक शिकायत समिति की सदस्य सत्यभामा अवस्थी और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मुख्य वाणिज्य प्रबंधक-फ्रेट सर्विस एवं आंतरिक शिकायत समिति की अध्यक्ष मैत्रेयी चरण शामिल रहीं। मैत्रेयी चरण ने अपने संबोधन में महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि कार्यस्थल पर कोई अनुचित घटना घटित होती है, तो बिना किसी डर या झिझक के आंतरिक शिकायत समिति में अपनी शिकायत दर्ज करें। उन्होंने समिति की प्रक्रियाओं और महिलाओं को प्रदान की जाने वाली सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में रेलवे की महिला अधिकारियों सहित लगभग 120 महिला कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए था।


