बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 16 नवंबर। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपने जीवन को समर्पित किया और जनजातीय समाज को नई जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने यह बात कोटा ब्लॉक के बेलगहना शासकीय स्कूल में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की आसंदी से कही। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के जमुई से वर्चुअली जुडक़र कार्यक्रम को संबोधित किया।
साहू ने अपने संबोधन में कहा, भगवान बिरसा मुंडा ने हमें यह सिखाया कि यदि संकल्प मजबूत हो तो कोई कठिनाई हमें रोक नहीं सकती। उनका जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन को सहेजने का काम किया है और हमें उनके आदर्शों पर चलना चाहिए।
तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष अपनी संस्कृति और अस्तित्व की रक्षा के लिए एक महाक्रांति था। उन्होंने सभी को अपने बच्चों को शिक्षित करने पर जोर दिया। विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि जनजातीय समाज की विरासत हमें आत्मसम्मान के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देती है।
कलेक्टर अवनीश शरण ने सभा में बताया कि जिले में जनजातीय समाज के विकास के लिए धरती आबा जनजाति उत्कर्ष अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें 17 विभाग शामिल होंगे।
कार्यक्रम में अतिथियों ने वन अधिकार पट्टा, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और अन्य सामग्रियों का वितरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल्स का अवलोकन किया और स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार सामग्रियों की सराहना की।
इस अवसर पर तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह और जनजातीय समाज के लोग मौजूद थे।


