बिलासपुर

राहुल ने रुकवाई हसदेव में कोयला खनन की प्रक्रिया पर रोक!
11-Jun-2022 4:48 PM
राहुल ने रुकवाई हसदेव में कोयला खनन की प्रक्रिया पर रोक!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 जून।
हसदेव में तीन कोयला खदानों के लिए जारी सभी प्रक्रियाओं पर लगाई गई रोक राहुल गांधी की ओर से किए गए हस्तक्षेप के कारण है।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से किए गए ट्वीट से इसका खुलासा हुआ है। ट्वीट में कांग्रेस ने कहा है कि एक अच्छा नेता वह होता है, जो लोगों की जरूरतों पर ध्यान देता है और उसके अनुसार कार्य करता है। राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ की आवाज सुनी और राज्य से मांग पूरी कराई।

इस ट्वीट के साथ एक वीडियो क्लिप भी डाली गई है। इसमें राहुल गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तस्वीरें हैं। उनकी हसदेव अरण्य के मदनपुर प्रवास की वह तस्वीरें हैं, जब उन्होंने ग्रामीणों को हसदेव के जंगल को बचाने की लड़ाई में साथ देने का आश्वासन दिया था। इसमें हसदेव के घने जंगलों की वीडियो क्लिप है। साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस आदेश की अखबारों में छपी कतरनें हैं, जिसमें हसदेव अरण्य की माइनिंग की सभी अगली प्रक्रियाओं पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने अपनी लंदन यात्रा के दौरान कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के सवाल पर कहा था कि वह हसदेव में चल रहे आंदोलन के साथ हैं और वहां खनन के खिलाफ हैं। मैं और मेरी पार्टी इस बारे में कुछ करने जा रही है, जिसका नतीजा आगामी कुछ हफ्ते में दिखेगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हाल ही में संकेत दिया था कि वहां पेडों की कटाई रुक सकती है। इसके एक दिन पहले सरगुजा से मंत्री टीएस सिंहदेव ने आंदोलनकारी ग्रामीणों से मुलाकात की थी।

कल 10 जून को सरगुजा जिला प्रशासन ने परसा, परसा ईस्ट और केते बासिन में कोयला खनन की सभी प्रक्रियाओं पर आगामी आदेश तक रोक लगाने की आदेश जारी किया था।
हालांकि हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि रोक लगाना काफी नहीं है। जब तक आदेश पूरी तरह से निरस्त नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
 


अन्य पोस्ट