बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 28 मई। सिविल लाइन पुलिस ने एक 40 वर्षीय शिक्षिका से शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोपी रेल कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक मंगला क्षेत्र में रहने वाली उक्त शिक्षिका कोरबा के एक स्कूल में कार्यरत है। उसकी पहचान फेसबुक के जरिये 6 साल पहले अकलतरा के अर्जुनी में रहने वाले 46 वर्षीय अश्वनी कुमार बंजारे से हुई थी। जान पहचान बढ़ाकर रेलकर्मी पीडि़त महिला के पास आने जाने लगा। वह अपने आपको अविवाहित बताता था। उसने महिला के साथ विवाह करने का झांसा दिया और कई बार रेप किया। जब पीडि़त शिक्षिका ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो उसने राज खोला कि वह शादी-शुदा है और दूसरी शादी नहीं करेगा। इसके बाद एक बार वह अपनी पत्नी को लेकर शिक्षिका के मंगला स्थित घर में पहुंचा और उसके साथ मारपीट भी की। महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी रेल कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।


